अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस
योग चित्त में एकाग्रता लाए
ध्यान आपकी स्मरण शक्ति बढ़ाए
तमाम व्याधियों से सहज मिले मुक्ति
आज से हम सब भी योग अपनाएं।
सुबह-सुबह जो अक्सर सैर को जाते
शुद्ध हवा का रसास्वादन कर पाते
करते जो थोड़ा योग एवं व्यायाम
मन को आनंद व उमंग से भर जाते।
जो व्यक्ति नियमित योग अपनाता
प्रकृति के साथ तारतम्य बैठाता
उससे बीमारियां दूर ही रहती
मन के विकारों पर भी काबू कर पाता
साथ में करे जो थोड़ा प्राणायाम
उनको मिलते चमत्कारिक परिणाम
देखते ही देखते हो जाता कायाकल्प
चिंताओं को लग जाता पूर्ण विराम।
बदल जाता उनके सोचने का ढंग
विचारों पर छा जाते नये -नये रंग
वास्तविकता को सहज ही स्वीकारते
कुछ कम हो जाती जीवन की जंग।
क्या कहना जो अगर ध्यान लग जाए
फिर उर में आनंद ही आनंद समाए
होता सफल वह स्वयं को जानने में
शांति के सागर में गोता लगाए।
अनुशासन से वे फिर स्वत: भर जाते
समय रहते अपने सब काम निपटाते
चेहरे की चमक-धमक बढ़ जाती
साथियों के बीच में लोकप्रिय हो जाते
चलो हम सब भी योग अपनाएं
ज़िन्दगी की राह आसान बनाएं
रोज कुछ समय स्वयं के लिए निकालें
योग को दिनचर्या का अंग बनाएं।
विश्व को भारत ने योग के गुण बताए
इसीलिए भारत योग गुरु कहलाए
आओ चलो हम सब मिलकर ले प्रण
योग को घर-घर तक पहुंचाएं।।
— नवल अग्रवाल
