हम दिन का 80–90% समय कहाँ बिताते हैं?
हम वायु प्रदूषण की बात करते हैं, तो सबसे पहले हमारी नजर सड़क, वाहनों, कारखानों और आसमान में छाई धुंध पर जाती है। हम वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) देखते हैं, प्रदूषण बढ़ने पर मास्क लगाते हैं और कोशिश करते हैं कि खराब हवा में कम से कम बाहर निकलें।
लेकिन एक बहुत महत्वपूर्ण सवाल हम अक्सर भूल जाते हैं, हम अपने दिन का अधिकांश समय आखिर बिताते कहाँ हैं?
अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों और अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) के अनुसार, सामान्यतः मनुष्य अपने समय का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा घर, कार्यालय, विद्यालय, वाहन और अन्य बंद या अर्ध-बंद स्थानों में बिताता है। इसका अर्थ यह है कि जिस हवा से हमारा सबसे अधिक और लगातार सामना होता है, वह जरूरी नहीं कि केवल बाहर की हवा हो।
यहीं से वायु प्रदूषण की एक दूसरी और कम दिखाई देने वाली कहानी शुरू होती है—घर के भीतर की हवा की कहानी।
हम घर को सुरक्षा का स्थान मानते हैं। दरवाजा बंद करते ही हमें लगता है कि बाहर का प्रदूषण पीछे छूट गया। लेकिन वास्तविकता इतनी सरल नहीं है। बाहर की प्रदूषित हवा घर के भीतर आ सकती है और घर के अंदर होने वाली अनेक गतिविधियाँ स्वयं हवा को प्रदूषित कर सकती हैं।
इसलिए केवल यह जानना पर्याप्त नहीं है कि बाहर की हवा कितनी प्रदूषित है। हमें यह भी जानना होगा कि जिस हवा में हम दिन का अधिकांश समय सांस ले रहे हैं, वह कितनी स्वच्छ है।
हर व्यक्ति का घर के भीतर बिताया समय एक जैसा नहीं
“लगभग 90 प्रतिशत समय घर के भीतर” एक सामान्य अनुमान है। वास्तव में हर व्यक्ति का समय एक जैसा नहीं होता। यह उसकी उम्र, काम, पारिवारिक जिम्मेदारियों, जीवनशैली और दैनिक गतिविधियों पर निर्भर करता है।
एक कार्यालय में काम करने वाला व्यक्ति अपने दिन का बड़ा हिस्सा कार्यालय में बिताता है। कोई श्रमिक या दुकानदार लंबे समय तक बाहर रह सकता है। वहीं छोटे बच्चे विद्यालय से लौटने के बाद कई घंटे घर में बिताते हैं। बुजुर्ग, विशेषकर जिनकी बाहर निकलने की गतिविधियाँ सीमित हैं, उनका दैनिक जीवन घर के वातावरण से और अधिक जुड़ा हो सकता है।
इसी तरह अनेक महिलाओं का काफी समय घर के भीतर भोजन बनाने, सफाई करने, बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल तथा घर के प्रबंधन में बीतता है। भारत के समय उपयोग सर्वेक्षण (Time Use Survey) से भी यह स्पष्ट होता है कि पुरुषों और महिलाओं के दैनिक समय के उपयोग में महत्वपूर्ण अंतर है, विशेषकर घरेलू और देखभाल संबंधी कार्यों में।
इसलिए घर के भीतर की हवा का प्रश्न केवल “घर” का प्रश्न नहीं है। यह इस बात से भी जुड़ा है कि कौन व्यक्ति कितने समय तक किस वातावरण में रहता है और वहाँ क्या गतिविधियाँ करता है।
बच्चों के लिए हवा का सवाल और भी महत्वपूर्ण है
बच्चों का शरीर और श्वसन तंत्र अभी विकास की अवस्था में होता है। वे अपने शरीर के आकार की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक हवा अंदर लेते हैं। इसलिए वायु प्रदूषण के प्रति उनकी संवेदनशीलता अधिक हो सकती है।
घर में जमा धूल, धुआँ, खाना पकाने से निकलने वाले सूक्ष्म कण, नमी और फफूंद तथा कुछ रासायनिक पदार्थ बच्चों के आसपास की हवा को प्रभावित कर सकते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार वायु प्रदूषण बच्चों के स्वास्थ्य के लिए विशेष चिंता का विषय है और इसका संबंध श्वसन संक्रमण तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से है।
इसलिए बच्चे के कमरे की सफाई जितनी जरूरी है, उस कमरे की हवा की गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
बुजुर्गों के लिए घर की हवा क्यों महत्वपूर्ण है?
उम्र बढ़ने के साथ शरीर की प्रदूषण से निपटने की क्षमता बदल सकती है। जिन बुजुर्गों को पहले से श्वसन या हृदय संबंधी समस्याएँ हैं, उनके लिए खराब वायु गुणवत्ता विशेष चिंता का विषय हो सकती है।
यदि कोई बुजुर्ग व्यक्ति दिन का अधिकांश समय घर में ही बिताता है, तो घर के भीतर की हवा उसके दैनिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रदूषण के संपर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती है।
यही कारण है कि बुजुर्गों के लिए घर की हवा को केवल आराम या सुविधा का विषय नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और सुरक्षा का विषय समझना चाहिए।
महिलाओं के लिए भी घर की हवा एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य प्रश्न है
घर के भीतर होने वाली कई गतिविधियाँ वायु प्रदूषण का स्रोत बन सकती हैं। इनमें सबसे प्रमुख है खाना पकाना, विशेषकर तब जब रसोई में धुएँ और गर्म हवा को बाहर निकालने की पर्याप्त व्यवस्था न हो।
खाना पकाने के दौरान निकलने वाला धुआँ और सूक्ष्म कण, धूम्रपान, अगरबत्ती या धूप का धुआँ, सफाई में इस्तेमाल होने वाले कुछ रासायनिक पदार्थ तथा नमी और फफूंद—ये सभी घर के भीतर की वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं।
जिन महिलाओं का इन गतिविधियों के कारण ऐसे वातावरण में लंबे समय तक रहना होता है, उनके लिए यह विषय विशेष महत्व रखता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन घरेलू वायु प्रदूषण (Household Air Pollution) को महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण जोखिम मानता है, विशेषकर उन परिस्थितियों में जहाँ प्रदूषणकारी ईंधन या तकनीकों का उपयोग होता है।
बाहर का प्रदूषण घर के भीतर भी आता है
घर की चार दीवारें हमें बाहरी प्रदूषण से पूरी तरह अलग नहीं करतीं। बाहर मौजूद सूक्ष्म कण (Particulate Matter), विशेषकर PM2.5, दरवाजों, खिड़कियों और हवा के आवागमन के अन्य रास्तों से घर के भीतर पहुँच सकते हैं। दूसरी ओर, घर के अंदर खाना पकाने, धूम्रपान, सफाई, निर्माण सामग्री, फर्नीचर, नमी और फफूंद जैसी गतिविधियाँ स्वयं प्रदूषण पैदा कर सकती हैं।
इस प्रकार घर केवल बाहरी प्रदूषण से बचने की जगह नहीं है। **वह स्वयं भी प्रदूषण का एक स्रोत बन सकता है **और सबसे बड़ी समस्या यह है कि घर के भीतर का प्रदूषण हमेशा दिखाई नहीं देता।
धूल दिखाई दे सकती है, धुआँ दिखाई दे सकता है, लेकिन कई सूक्ष्म कण और रासायनिक प्रदूषक ऐसे होते हैं जिन्हें हम न देख सकते हैं और न हमेशा सूंघ सकते हैं।
प्रदूषित हवा शरीर पर क्या प्रभाव डालती है?
हम एक दिन में हजारों बार सांस लेते हैं। हर सांस के साथ हवा हमारे फेफड़ों तक पहुँचती है। यदि उस हवा में सूक्ष्म प्रदूषक मौजूद हैं, तो लंबे समय तक उनके संपर्क में रहना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
सूक्ष्म कण फेफड़ों की गहराई तक पहुँच सकते हैं। लंबे समय तक वायु प्रदूषण के संपर्क में रहने का संबंध श्वसन रोगों के साथ-साथ हृदय रोग, स्ट्रोक और फेफड़ों के कैंसर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से भी पाया गया है।
अर्थात वायु प्रदूषण केवल “सांस की समस्या” नहीं है। यह पूरे शरीर के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है।
क्या समाधान केवल एयर प्यूरीफायर है?
नहीं, घर की हवा को बेहतर बनाने का पहला कदम कोई मशीन खरीदना नहीं, बल्कि प्रदूषण के स्रोत को पहचानना है।
• क्या रसोई में धुआँ बाहर निकल रहा है?
• क्या कमरे में हवा का उचित आवागमन है?
• क्या कहीं नमी या फफूंद तो नहीं?
• क्या घर में अनावश्यक धुआँ पैदा करने वाली गतिविधियाँ हो रही हैं?
• क्या सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायनों का जरूरत से अधिक उपयोग तो नहीं हो रहा?
इन सवालों के जवाब ही समाधान की पहली सीढ़ी हैं। प्रदूषण के स्रोत को कम करना, आवश्यकता के अनुसार हवा का उचित आवागमन बनाए रखना और जरूरत पड़ने पर वायु छनन या वायु शोधन (Filtration/Air Cleaning) जैसे उपाय अपनाना घर की हवा को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
अब सवाल बाहर की हवा के साथ घर की हवा का भी है
हम वर्षों से पूछते आए हैं—“आज बाहर की हवा कितनी प्रदूषित है?”
अब हमें इसके साथ एक और सवाल पूछना होगा— “आज जिस हवा में मैंने अपना अधिकांश दिन बिताया, वह कितनी स्वच्छ थी?”
क्योंकि हमारा घर केवल रहने की जगह नहीं है। बच्चों के लिए यह उनका विकास का वातवरण है, महिलाओं के लिए यह उनके दैनिक कार्यों का बड़ा हिस्सा है और अनेक बुजुर्गों के लिए यह उनके जीवन का सबसे अधिक समय बिताया जाने वाला स्थान है।
इसलिए घर की सफाई का अर्थ केवल फर्श, दीवारों और फर्नीचर की सफाई नहीं है। **स्वच्छ घर का अर्थ स्वच्छ हवा भी है **और शायद यही वह अदृश्य प्रदूषण है, जिसे पहचानना हमारे स्वस्थ भविष्य की पहली आवश्यकता है।
— बी. के. शिव अरोड़ा
