धर्म-संस्कृति-अध्यात्म

बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार परंपरा 

छत्तीसगढ़ में बस्तर दशहरा दुनिया भर में अपने अनोखे स्वरूप के लिए प्रसिद्ध है। लगभग 75 दिनों तक चलने वाला यह दुनिया का सबसे लंबा त्यौहार माना जाता है।  बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट परंपरा से अलग पहचान बनाता है। यह मां दंतेश्वरी की आराधना, स्थानीय देवी-देवताओं, पारंपरिक अनुष्ठानों और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक है। इस उत्सव की परंपरा करीब छह शताब्दी पुरानी मानी जाती है, जो जनजातीय आस्था, आदिवासी संस्कृति और प्रकृति से आदिवासी समाज के गहरे संबंध को व्यक्त करता है। बस्तर दशहरा की विशेषता उसकी भव्यता भर नहीं, बल्कि उसके आयोजन में समाज की व्यापक भागीदारी है,जो जनजातीय जीवन और सनातन विश्वास का जीवंत प्रमाण है। बस्तर दशहरा केवल एक उत्सव नहीं, अपितु सदियों से चली आ रही जनजातीय आस्था, लोकविश्वास और विशिष्ट सांस्कृतिक परम्पराओं का प्रतीक है। 

बस्तर क्षेत्र का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व 

बस्तर अंचल का संबंध रामायण में वर्णित दंडकारण्य से जोड़ा जाता है। भगवान श्रीराम के वनवास आने से संबंधित प्रसंग इस क्षेत्र की सांस्कृतिक स्मृतियों में विद्यमान है।श्रीराम द्वारा माता शबरी जूठे बेर खाने का उल्लेखनीय प्रसंग प्रमाणित करता है कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत भारतीय परम्परा का अभिन्न अंग है।इससे हमें माता शबरी की अटूट भक्ति के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, मानवीय मूल्यों और माता सीता की पवित्रता की प्रेरणा मिलती है।बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। 

बस्तर दशहरा की पृष्ठभूमि 

बस्तर दशहरा की मूल पृष्ठभूमि और इसकी विशेषता 600 साल पुरानी परंपरा है। बस्तर दशहरा की शुरुआत  1412 ईस्वी में (लगभग 600 साल पहले) में चालुक्य वंश के चौथे शासक महाराजा पुरुषोत्तम देव के शासनकाल में हुई थी। राजा पुरुषोत्तम देव जब जगन्नाथपुरी (ओडिशा) की यात्रा से लौटे, तो उन्हें ‘रथपति’ की उपाधि मिली , जिसके बाद से यहां रथ पर आधारित ‘रथयात्रा ‘का अनूठा पर्व शुरू हुआ। धीरे-धीरे यह भव्य वार्षिक उत्सव बन गया, जो आज भी राजपरिवार और पुजारियों के मार्गदर्शन में आयोजित होता है।यह तथ्य भी निर्विवाद सत्य है कि बस्तर में आयोजित होने वाले इस पर्व का नाम भले ही दशहरा है,लेकिन इसका संबंध रावण – दहन या रामकथा से बिलकुल नहीं है, जैसा कि देश के अन्य हिस्सों में मनाया जाता है। यह पर्व पूरी तरह से अंचल की आराध्य मां दंतेश्वरी के विभिन्न शक्ति रूपों का आशीर्वाद पाने के लिए आदिवासी सनातन गौरव भाव से मनाते हैं और स्थानीय देवी-देवताओं की आराधना, शक्ति पूजा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते है।

क्यों पड़ा दशहरा नाम 

विचारणीय प्रश्न है कि जब ‘बस्तर दशहरा ‘का रावण से कोई संबंध नहीं है, तो इसे ‘दशहरा ‘क्यों कहा जाता है? आदिवासीजन इसे अपनी स्थानीय बोली मैं ‘राजा दशहरा ‘कहते हैं। यह नाम संभवतः त्यौहार की अवधि या इसके महत्वपूर्ण अनुष्ठानों की ओर संकेत करता है। वास्तव में, ब्रिटिश शासन में, जब 19 वीं शताब्दी के अंत में प्रशासनिक अभिलेख तैयार हुए, तब अधिकारियों ने इसे ‘दशहरा ‘नाम दिया, क्योंकि यह देश के अन्य भागों में मनाए जाने वाले दशहरे से मेल खाता था। यहाँ ‘दशहरा ‘धार्मिक नहीं, अपितु सांस्कृतिक और भौगोलिक संयोग का प्रतीक बन गया। 

      75 दिनों की इस लंबी आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत पाटजात्रा से प्रारम्भ होने वाली परंपराओं से होती है। इसमें रथ बनाने के लिए जंगल से लकड़ी लाने के लिए माचकोट, राजूर, लेंड्रा जैसे कई गाँवों के जनजातीय समुदाय जाते हैं। बेड़ाउमरगाँव और झारउमरगाँव के 150 से अधिक कारीगर सिरहासार भवन में रूककर रथ का निर्माण करते हैं। रथ खींचने के लिए सियाड़ी बेल की छाल से रस्सी बनाई जाती है। हर रस्म में आदिवासी परंपराओं के अनुसार देसी महुए की शराब, मोंगरी मछली, अंडा और बकरे की बलि देकर देवी से अनुमति ली जाती है। 

निशा जात्रा और मावली परघाव 

महाअष्टमी तिथि की आधी रात्रि में निशा जात्रा और बलि पूजा होती है। अनुपमा चौक स्थित स्तंभेश्वरी देवी के मंदिर में माँ दंतेश्वरी और माँ मानिकेश्वरी देवी का वास माना जाता है। राजमहल से पालकी में सवार राजा, सिरहा और पुजारी निशा जात्रा स्थल पहुँचते हैं। आदिवासी वाद्ययंत्रों की ध्वनि रहस्यमयी वातावरण बनाती है। वहाँ 11 बकरों की बलि दी जाती है। दूसरे प्रहर दंतेवाड़ा से माँ दंतेश्वरी जगदलपुर प्रस्थान करती हैं। 

काछिन देवी और जोगी की पूजा 

काछिनदेवी से अनुमति प्राप्त करने के बाद दशहरा विधान आगे बढ़ाने की परम्परा का इसमें विशेष महत्व है। रथ तैयार होने के बाद नवरात्र से एक दिन पहले काछिनगादी परंपरा होती है। इसमें कुँवारी आदिवासी कन्या की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है, जिन्हें रण की देवी काछिनदेवी का अवतार माना जाता है,वह त्यौहार शुरू करने की अनुमति देती है। इस धार्मिक विधान के दौरान बेल – काँटे के झूले पर झूलने जैसी कठिन रस्म निभाई जाती है। यह परंपरा आदिवासियों की प्रकृति और देवी-देवताओं में अटूट आस्था को दर्शाती है। नवरात्र में जोगी बिठाई की रस्म होती है। आमबाल गाँव की हल्बा जनजाति का युवक तलवार लेकर सिरहासार भवन में चार फिट गहरे गड्ढे में नौ दिन केवल जल ग्रहण कर तपस्या करता है। पहले यह कार्य राजा करते थे, किन्तु अब यह दायित्व जोगी परिवार निभाते हैं। 

काछनगादी, जोगी बिठाई, मावली परघाव और रथयात्रा जैसे अनुष्ठान स्थानीय आस्था तथा सामाजिक जीवन के विविध आयामों को जोड़ते हैं। दूर-दराज के गांवों से देवी-देवताओं के प्रतीक और उनके प्रतिनिधि जगदलपुर पहुँचते हैं।

जनजाति के सहारे पूरी होती रथयात्रा 

नवरात्र की द्वितीया से सप्तमी तक फूल रथ की परिक्रमा शुरू होती है। माँ दंतेश्वरी के छत्र को मंदिर से रथ पर बैठाकर जनता के बीच लाया जाता है, जिससे सबको उनका आशीर्वाद मिल सके। रथ खींचने का कार्य माड़िया जनजाति के लोगों को सौंपा गया है। अंतिम रथ परिक्रमा को ‘बाहर रैनी ‘कहा जाता है। पहले राजा रथ पर योगी के रूप में सवार होते थे। अब प्रधान पुजारी रथ पर सवार होते हैं। कुटुंब जात्रा में ग्राम देवी – देवताओं के अलावा जितने भी देवी – देवता सम्मिलित होते हैं, उन्हें इस अवसर पर ससम्मान विधिवत पूजा – अर्चना और शक्ति के अनुसार बलि दिया जाता है। आमंत्रित देवी – देवता को एक जगह एकत्र कर कुटुंब जात्रा का आयोजन किया जाता है। पर्व के दौरान जानी – अनजानी गलतियों के लिए क्षमा – याचना भी की जाती है और राज्य की सुख – समृद्धि की कामना की जाती है। पुनः देवी-देवताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सार्वजनिक रूप से बलि देकर देवी-देवताओं को ससम्मान विदाई दी जाती है। कुटुंब जात्रा के साथ देवी की विदाई होती है।इसके अंतर्गत विदाई देते हुए उनके पुजारियों को राजपरिवार के सदस्य द्वारा नवीन वस्त्र तथा भेंट देकर सम्मानित किया जाता है। अलग-अलग समुदाय अपनी परंपरागत जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।इस वर्ष कुटुंब जात्रा की रस्म जगदलपुर गोदम सड़क स्थित बस्तर महात्मा गांधी स्कूल परिसर में निभाई गई। 

   बस्तर दशहरा के समापन उत्सव के रूप में मुरिया दरबार विशेष महत्व रखता है।बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था में यह स्थानीय समाज और शासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है।मांझी, चालकी और अन्य पारंपरिक प्रतिनिधियों की सहभागिता इस व्यवस्था को विशिष्ट बनाती है।बदलते समय के साथ इसका स्वरूप विकसित हुआ है, लेकिन सामुदायिक प्रतिनिधित्व और संवाद की ऐतिहासिक भावना आज भी इसकी पहचान है। 

इस वर्ष राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसी मुरिया दरबार में सम्मिलित हुई हैं। यह अत्यंत महत्वपूर्ण सुअवसर है, क्योंकि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि बस्तर की पारंपरिक आदिवासी सामाजिक संस्थाओं की सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक है। 

  आदिवासी लोकतंत्र का जीवंत उदाहरण :मुरिया दरबार 

रियासत काल में राजा-महाराजा मुरिया दरबार में आदिवासियों की समस्याओं को सुनकर मौके पर निराकरण करते थे, लेकिन आज बड़े अधिकारी कमिश्नर, कलेक्टर और अन्य समस्याओं को सुनकर समाधान करते हैं। मुरिया दरबार के स्वरूप में कुछ भिन्नता दिखती है लेकिन उद्देश्य वही है। 600 साल से दशहरा के समापन अवसर पर सिरहाना में मुरिया दरबार का आयोजन होता है ।यह विशाल और ऐतिहासिक पर्व का सबसे महत्वपूर्ण और अंतिम आकर्षण होता है । यह बस्तर दशहरा के समापन अवसर पर लगने वाली एक विशाल जनसभा है। 

      प्राचीन आदिवासी संस्कृति और सहभागी लोकतंत्र का एक जीवंत उदाहरण है- मुरिया दरबार । ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार इसकी शुरुआत 8 मार्च 1876 को हुई थी। 1876 का ‘मुरिया विद्रोह’ इस दरबार के आयोजन का कारण था। 1876 में ब्रिटिश नीतियों और बस्तर रियासत के तत्कालीन दीवान गोपीनाथ कपड़दास के शोषण, भ्रष्टाचार और बेगार प्रथा (बिना मजदूरी के जबरन काम) के खिलाफ बस्तर के आदिवासियों का गुस्सा फूट पड़ा था। आदिवासियों ने उग्र होकर जगदलपुर राजमहल को घेर लिया था, जिसे इतिहास में मुरिया विद्रोह कहा जाता है।

समझौते का मंच आदिवासियों के इस बड़े आक्रोश को शांत करने और उनकी शिकायतों को सुनने के लिए ब्रिटिश डिप्टी कमिश्नर मैकजॉर्ज ने 8 मार्च 1876 को आदिवासी मुखियों की एक बड़ी बैठक बुलाई। यहीं से आदिवासियों के साथ संवाद स्थापित करने की जो परंपरा शुरू हुई, वह आगे चलकर बस्तर दशहरा का अभिन्न अंग अर्थात ‘मुरिया दरबार’ बन गई।

   अंतिम शासक महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव बस्तर अत्यंत लोकप्रिय और अंतिम काकतीय नरेश थे, जिन्होंने 1936 से 1966 तक शासन किया। वे आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए मुखरता से लड़े, जिस कारण आदिवासी उन्हें भगवान की तरह मानते थे। महाराजा प्रवीर चंद्र के समय मुरिया दरबार आदिवासियों के स्वाभिमान और सीधे संवाद का सबसे शक्तिशाली माध्यम बन गया था। वे स्वयं दरबार में साधारण वेशभूषा में आदिवासियों के बीच जमीन पर बैठते थे, उनकी भाषा में उनकी समस्याएं सुनते थे और तुरंत उनका समाधान करते थे। राजशाही के पतन और आधुनिक लोकतांत्रिक व्यवस्था के आने के बाद भी इस दरबार का महत्व कम नहीं हुआ। 1947 के बाद इसमें जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होने लगे और मुरिया दरबार में शामिल आदिवासी और अन्य लोग अपनी समस्या रखते हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बस्तर दशहरा उत्सव एवं मुरिया दरबार में हुई सम्मिलित 

 विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के इतिहास में 23 अक्टूबर, 2026, शुक्रवार को एक स्वर्णिम और अभूतपूर्व अध्याय जुड़ गया , जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस विराट पारम्परिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन में सम्मिलित हुईं।उन्होंने माँ दंतेश्वरी को नमन करते हुए कहा कि बस्तर दशहरा जैसे विश्वप्रसिद्ध उत्सव में सम्मिलित होना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। इस उत्सव में सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें विभिन्न गोत्रों, समुदायों और सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता रहती है। रथनिर्माण से लेकर रथ खींचने, पूजा – अर्चना और विभिन्न अनुष्ठानों तक प्रत्येक समुदाय अपनी परम्परागत जिम्मेदारी का निर्वहन करता है। यह सामूहिक सहभागिता. सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक निरंतरता का असाधारण उदाहरण है। बस्तर की सदियों पुरानी समृद्ध परंपरा और लोकतांत्रिक व्यवस्था के इस ऐतिहासिक मंच पर पहुंचने वाली वे पहली राष्ट्रपति हैं । उन्होंने मुरिया दरबार में भी भाग लिया तथा इस परम्परा को जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस परम्परा में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर जनसमस्याओं. आवश्यकताओं और सामाजिक विषयों का समाधान विचार – विमर्श करके करते हैं। ऐसी परम्पराएँ लोकतांत्रिक मूल्यों को नई प्रतिष्ठा प्रदान करती हैं। इस गौरवशाली अवसर पर राष्ट्रपति ने बस्तर अंचल के पारंपरिक सामाजिक संरक्षकों और जनप्रतिनिधियों, मांझी-चालकी, नाइक-पाइक और मेंबर-मेबरिन से समक्ष होकर उनसे संवाद किया।उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि ‘मैं भी आदिवासी संस्कृति और परंपरा से आती हूँ। आप लोगों में से एक हूँ।मेरे दादा जी, पिता जी और भाई मांझी थे।’ उन्होंने आदिवासी समाज से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। 

दर्शनीय है सांस्कृतिक विरासत की प्रदर्शनी 

विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परम्पराओं पर आधारित प्रदर्शनी लालबाग मैदान में आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में बस्तर दशहरा के विभिन्न अनुष्ठानों, रथ निर्माण की तकनीक, देवी-देवताओं की आराधना और ऐतिहासिक परम्पराओं के चित्रों और विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। श्रावण अमावस्या को पाटजात्रा के साथ शुरू होने वाले इस पर्व के रथ निर्माण की प्रक्रिया, डेरी गड़ाई, बारसी, उतारनी, मगरमुंही, रथ सिंघारिनी, रथ उसकानी आदि गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। 

पर्यटन बन सकता है रोजगार का अवसर 

बस्तर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक संपदा उसे पर्यटन के लिए अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र बनाती है। घने जंगल, झरने, नदियाँ, पहाड़, गुफाएँ, जनजातीय कला, हस्तशिल्प और पारम्परिक उत्सव देश – दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। बस्तर दशहरा जैसी सांस्कृतिक पहचान को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ताकत दी जा सकती है। 

    सुरक्षित और सुविधाजनक पर्यटन क्षेत्र विकसित होने पर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के कई रास्ते खोलेंगे। होमस्टे, स्थानीय भोजन, परिवहन, गाइड सेवा, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गाँवों की आय बढ़ सकती है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि रोजगार के लिए युवाओ को अपने क्षेत्र से बाहर जाने की मजबूरी कम होगी। यद्यपि पर्यटन का विस्तार स्थानीय संस्कृति और पर्यावरण की कीमत पर नहीं होना चाहिए, अपितु आदिवासी समुदाय की भागीदारी और सहमति इसके केन्द्र में रहना चाहिए। 

    वर्तमान में बस्तर के प्रगति की सबसे मजबूत तस्वीर यहाँ के बच्चों की शिक्षा में दिखाई देती है। जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और असुरक्षा के कारण स्कूलों की नियमितता प्रभावित हुई, वहाँ कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति और स्कूल परिसर में गूँजती घंटियाँ बदलाव का सबसे भरोसेमंद संकेत हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्याप्त शिक्षक, डिजिटल संसाधन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और पोषण पर भी ध्यान देना होगा।इन सुधारों का सुखद संदेश दूर तक जायेगा, जिससे पर्यटकों की संख्या में आशातीत वृद्धि होगी। 

— गौरीशंकर वैश्य विनम्र

*गौरीशंकर वैश्य विनम्र

117 आदिलनगर, विकासनगर लखनऊ 226022 दूरभाष 09956087585