आया दिवाली का त्योहार !
झिलमिल-झिलमिल दीप जलेंगे,
गली-मोहल्ले सब सजेंगे।
रंग-बिरंगी बनी रंगोली,
खुश है बच्चों की यह टोली।
खील-खिलौने, लड्डू-पेड़े,
बटें मिठाई चारों ओर।
नए-नए कपड़े पहने सब,
मचा रहे हैं बच्चे शोर।
धनतेरस पर बर्तन लाए,
चौदस पर यम-दीप जलाए।
लक्ष्मी माँ की पूजा करके,
बांट रहे हैं सब मिठाई।
गोवर्धन की महिमा गाएं,
भैया दूज पर तिलक लगाएं।
प्यार और खुशियों की देखो,
कैसी सुंदर सौगात है लाई।
दूर करें हम सब अंधियारा,
फैल रहा है उजियारा।
मुस्कान सजी है हर चेहरे पर,
कितना प्यारा त्योहार हमारा!
— सुनील कुमार महला
