…सो पंडित होय
रात का खाना खाकर वह अपनी दोमंज़िला कोठी की छत पर टहल रहा था।
कदम नपे-तुले थे। चेहरा निर्विकार।
दुनिया भर के विश्वविद्यालयों की उपाधियाँ उसकी कोठी की दीवारों पर टंगी थीं और उसके व्याख्यान इंटरनेट पर घूमते रहते थे।
छत के कोने पर पहुँचकर उसकी नज़र नीचे गई। सामने के एक छोटे मकान में नया परिवार आया था।
उस घर में नीचे पति अपने छोटे बेटे के साथ खड़ा था और ऊपर छत पर उसकी पत्नी गमलों में पानी दे रही थी।
और, उसे याद आया उसके मकान में तुलसी सूख रही थी।
उसी वक्त सामने वाले घर के पति ने तेज़ आवाज़ में पूछा,
“अरे, पापा की दवाई कहाँ रखी है?”
बस इतना-सा वाक्य था।
पर उसे लगा, जैसे यह आवाज़ नीचे से नहीं, बहुत दूर उस वृद्धाश्रम के कमरे से आई हो… जहाँ उसके अपने पिता रहते थे। वह आगे सुन ही नहीं पाया, जैसे उसके कान बंद हो रहे हों।
उसने गर्दन झटक दी।
और उसने देखा कि, छत पर खड़ी महिला ने शरारत से पानी भरा मग अपने पति पर उड़ेल दिया।
नीचे से हँसी और बनावटी गुस्से की आवाज़ एक साथ उठी,
“अरे पागल हो गई क्या!”
और उसी क्षण… उसे भी अपने गाल पर गीलापन महसूस हुआ, जिसके साथ उसकी पत्नी की आवाज़ उसके कानों में गूंजी-
“आपके खानदान पर थूकती हूँ… थू!”
वह काँप गया। उसकी साँसें एकदम तेज़ हो गयीं।
अब उसके कानों में सामने वाले घर के पति-पत्नी की हँसी और बच्चे की खिलखिलाहट सुनाई देने लगी।
और वह अपने सीने की धड़कन को, हवा में तैरती अपने परिवार की आपसी लड़ाई की चिल्लाहटों के साथ लयबद्ध करते हुए, लड़खड़ाते क़दमों को फिर साधने लगा।
