कविता

सहजता की डगर

​जब घिरे घनघोर तम और राह में शूल हों,
टूटने की कगार पर जब हौसले सब धूल हों,
मन की गहराइयों में तुम धैर्य का दीपक जलाना,
आंधियों के दौर में भी डगमगा मत जाना,
पत्थर तराशे दर्द से,तब देव रूप निखरता है,
सब्र की भट्ठी तपे जो,स्वर्ण बन चमकता है,
इतना अडिग विश्वास हो कि टूट न पाए कभी,
दुख की प्रचंड लहर भी डिगा न पाए कभी,
​और जब सूरज खिले,सम्मान की बौछार हो,
हाथ में वैभव रहे और जीत का उपहार हो,
तब झुका कर शीश अपना नम्रता का मान रखना,
फल लदी डाली के जैसे सहज पहचान रखना,
उड़ रहे हों पंख पर पांव धरती पर रहे,
सफलता की गूंज में भी बोल मीठे ही बहे,
मद न चढ़ पाए कभी,अहंकार का साया न हो,
रंग उजले देखकर भी मन कभी भटका न हो,
​धूप हो या छांव हो,समभाव से चलते रहो,
धैर्य से विपदा सही,अब विनम्रता में ढलते रहो,
समय का पहिया निरंतर घूमता ही जाएगा,
जो रहा भीतर से शांत,वही विजेता कहलाएगा।

— राजेन्द्र लाहिरी

राजेन्द्र लाहिरी

पामगढ़, जिला जांजगीर चाम्पा, छ. ग.495554

Leave a Reply