कहानी

एक रात की कीमत

“मी लार्ड ऐसे दरिंदे को कड़ी से कड़ी सजा दी जाये” सफेद पैंट – शर्ट के ऊपर काला कोट और गले में बैंड बांधे एडवोकेट अजय प्रताप सिंह ने सभी तथ्यों तथा कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए अपने मुवक्किल के पक्ष में न्यायाधीश को समझाने के लिए बलिया के अदालत में जज साहब से अंतिम बहस कर रहे थे।
जज पूरे रुआब में इजलास पर अपना आसन ग्रहण कर ध्यान पूर्वक एडवोकेट अजय प्रताप सिंह की दलीलें सुन रहे थे। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद जज साहब फैसला सुनाने से पहले कठघरे में खड़े आरोपी सतीश की तरफ़ मुखातिब होते हुए उससे बोले –
“सारे सबूत और गवाह तो आपके खिलाफ़ हैं, आपको अपने बचाव में कुछ कहना है ?”
” जी सर कुछ नहीं बहुत कुछ कहना है” अचानक सतीश के सूखे कंठ से बोल फूट पड़े जैसे सन्नाटे में किसी ने अचानक टेपरिकार्डर आॅन कर दिया हो। उस दिन सतीश ने आसमानी रंग का शर्ट और काले रंग का पैंट पहना हुआ था। वह अपने माथे पर टपकते पसीने को रूमाल से पोछते हुए बोला।
” हाँ कहिये, जो भी कहना हो।” जज साहब जैसे फांसी के फंदे पर लटकाने से पहले मुज़रिम की अंतिम इच्छा पूछी जाती है कुछ उसी अंदाज़ में बोले ।
सतीश ने मन में सोचा अब सजा तो मिलनी ही है इसलिए अदालत को सच बताना ज़रूरी है। उसके बाद जो होगा देखा जाएगा।
कठघरे में खड़ा सतीश एक कथावाचक की तरह अपना पक्ष रखते हुए अपनी कहानी सुना रहा था। उस समय अदालत में उपस्थित सभी लोग शान्ति से उसकी बातें सुन रहे थे। जैसे – जैसे सतीश की कहानी आगे बढ़ रही थी वैसे – वैसे वादी नुपुर के चेहरे का रंग गिरगिट की तरह लाल – पीला हो रहा था। उस रोज नुपुर काले रंग की बार्डर वाली बंगाल की तांत साड़ी पहनी हुई थी जिसके साथ लाल कंट्रास्ट ब्लाउस फब रहा था। माथे पर लाल बिंदी और होठों पर हल्के लाल रंग की लिपस्टिक लगाये हुए थी। साड़ी का पल्लू कंधे से लाकर आगे की तरफ़ किया हुआ था जो कि एक सभ्य समाज का परिचायक होता है लेकिन उसके चेहरे का हावभाव उसके चरित्र का परिचय दे रहे थे।
सतीश बोल रहा था – “सर यह सच है कि मैंने नुपुर के साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाया था लेकिन मैंने नुपुर के साथ बलात्कार किया था यह सच नहीं है।”
“ऑब्जेक्शन योर ऑनर’ आरोपी अब नई कहानी गढ़कर अदालत का समय जाया कर रहा है ।” एडवोकेट अजय प्रताप सिंह ने सतीश की बातों के बीच में ही टोकते हुए कहा।
“आॅब्जेशन ओवररूल्ड। फैसला सुनाने के पहले पूरी सच्चाई जानना जरूरी है। “जज ने एडवोकेट अजय प्रताप सिंह को बैठने का इशारा करते हुए सतीश की तरफ़ मुखातिब होकर कहा ।
जज के आदेश पर सतीश अपनी बात और भी तटस्थता के साथ कहने लगा – “सर उस रात मैंने दोस्तों के साथ कुछ ज्यादा ही पी ली थी। नशे की हालत में मैं घर जाने के लिए सड़क पर बहुत देर तक खड़ा होकर आटो रुकवा रहा था। आटो वाला मेरे बगल में आटो रोककर मेरा गन्तव्य पूछता और फिर मना करके आगे बढ़ जाता था । करीब दस – पन्द्रह मिनट सड़क पर खड़े रहने के बाद अंततः मेरे बगल में एक आटो आकर रुका। उस आटो में एक युवती बैठी हुई थी। आटो में युवती को बैठा हुआ देखकर पहले तो मैंने मना करना चाहा फिर अपनी परिस्थिति देखकर सोचा कि जब इस युवती को कोई दिक्कत नहीं है तो मैं तो मर्द हूँ, मुझे क्या परेशानी हो सकती है। तभी आटो ड्राइवर ने मुझसे पूछा – “कहाँ जाना है ?”
मैंने कहा – “बहेरी मोड़।”
आटो ड्राइवर – “आइये बइठ जाइये, भिरिये त है। आ इ मैडम जी को भी उधरे जाना है, चलिये छोड़ देते हैं।
मैंने आटो ड्राइवर से पूछा – ” कितना किराया लोगे? “
आटो ड्राइवर – “रात का बेरा है। जो बुझायेगा दे दीजिएगा। आइये जल्दी बइठिये। “
मैं उस आटो पर बैठ गया। एक तो उस रात वैसे ही मैं नशे में चूर था उसपर बगल में बैठी खूबसूरत युवती की कोमल हथेलियों का स्पर्श मुझे मदहोश कर रहा था। उस युवती के हाव भाव और उसके छुवन से मुझे समझने में देर नहीं लगी कि यह युवती एक पेशेवर स्त्री है। पहले तो मैंने खुद को संयत करने का प्रयास किया लेकिन अनायास मेरे हाथ भी उसकी हथेलियों की तरफ़ यन्त्रवत बढ़ गये। मैंने उसकी हथेलियों को कस कर दबाया । युवती मेरे और करीब आ गई। मेरे एक हाथ उसकी हथेलियों पर और दूसरा हाथ उसके कंधे पर था। युवती का सर मेरे कंधे पर आ टिका। उसने मुझसे पूछा – “घर में कौन – कौन हैं? “
मैंने कहा – “अभी तो मैं अकेला हूँ।”
उसने पूछा – “कुंवारे हो?”
मैंने कहा – ” हूँ तो कुंवारा लेकिन बहुत जल्द ही शादीशुदा हो जाऊंगा।” मैंने उसकी मंशा पढ़ते हुए उस बला को टालने की कोशिश करते हुए कहा।”
उसने मेरे करीब आते हुए कहा -” फिर तो ग्रीन सिग्नल है। “
” क्क्क्क्या, मैं समझा नहीं।” मैंने कहा।
आॅटो ड्राइवर कनखियों से बीच – बीच में हमें देख रहा था। मैं सहम रहा था। तभी वह युवती बोली – “इतने भी भोले मत बनो यार, वैसे तो मेरा रेट दो हजार है लेकिन तुम्हारी सूरत मुझे भा गई इसलिए तुम्हारे लिए एक रात का एक हजार। ” उसने अपने होठों को मेरे कानों के पास लाकर फुसफुसाते हुए कहा।
उस समय मेरा मन मेरे वश में नहीं था। दिल – दिमाग में जंग छिड़ गई थी। दिल कहता था कि एक रात की तो बात है चलो जिंदगी के मजे ले लो , जिंदगी न मिलेगी दुबारा और दिमाग कहता था क्यों आफत मोल ले रहे हो भाई.? अभी तुम्हारी सगाई होने वाली है। कहीं लेने के देने न पड़ जायें। वैसे भी बहुत मुश्किल से इतनी अच्छी लड़की रानी मिली है जिसको माँ बहु बनाने का सपना देख रही हैं । कहीं कुछ लफड़ा न हो जाये…
लेकिन मैं दिल के हाथों मजबूर होकर सौदा मंजूर कर लिया । अब उसके होठ मेरे कानो से हटकर मेरे गालों तक आ पहुंचे। मेरे शरीर में विद्युत की तरंगें दौड़ने लगीं थीं । शराब और शबाब दोनों का एक साथ नशा मुझे किसी अन्य लोक में सैर करा रहा था। तभी आटो वाले ने आटो रोक दिया। मैं आटो वाले का किराया देकर उतर गया। युवती भी वहीं उतर गई। आगे जो भी होगा देखा जायेगा यह सोचकर मैंने उस खूबसूरत रात को अपनी मुट्ठी में भर लिया। एक हजार के बदले इतनी सुनहरी रात, मुझे लिए फायदे का सौदा लग रहा था ।
सुबह होने से पहले ही मैंने उसे एक हजार रुपये देकर विदा कर दिया । जाते-जाते उसने मुझे एक मुस्कान के साथ थैंक्स कहा और मुझे एक काग़ज का टुकड़ा जिसपर उसका मोबाइल नम्बर अंकित था पकड़ते हुए कहा –
” जब जी चाहे बुला लेना डियर, बंदी आपकी सेवा में हाजिर हो जायेगी।”
“श्योर” कहकर मैंने भी उसे मुस्कुराते हुए हाथ हिला कर बाय कहा।
अब मेरी अंतिम सप्ताह की छुट्टी की रात उसके साथ गुजरने लगी। धीरे-धीरे मेरा मन उससे भरने लगा। मैंने सोचा कि जब पैसे देकर ही युवती के साथ रात गुजारनी है तो फिर एक ही क्यों? क्यों न किसी और लड़की को ट्राई किया जाये। जहाँ चाह होती है वहाँ राह निकल ही आती है । राह को आसान वनाया वही आॅटो ड्राइवर। उस युवती से ही मालूम हुआ कि वह आटो चलाने के साथ – साथ पेशेवर लड़कियों की दलाली भी करता था।
मैंने जब उससे अपनी इच्छा जाहिर की तो उसने मेरे पास बदल – बदल कर पेशेवर लड़कियाँ भेजने लगा । फिर मेरी आधी से अधिक कमाई शराब और शबाब में खर्च होने लगी थी इसलिए महीना के अंत में तंगहाली हो जाती थी।
उस रात मेरे जेब में सिर्फ एक हजार रुपये थे । आॅटो ड्राइवर ने इसी लडकी (नुपुर की तरफ़ अपनी तर्जनी ऊँगली से इशारा करते हुए बोल रहा था) को भेजा । मैंने आॅटोड्राइवर से आठ सौ में सौदा तय करके ही इसे अपने घर बुलाया था । महीने की अंतिम तारीख थी इसीलिए मैंने सोचा कि अगले दिन पहली तारीख को मेरा तनख्वाह मिल ही जायेगा ।
उस रात जब नुपुर आई तो उसे मैं एकटक देखता रह गया। वह मुस्कुरा दी। उसकी मोहक मुस्कान में एक अलग ही नशा था। मैं उस रात बिना पिये ही बहकता चला गया। एक पुरुष को तुष्ट करने के लिए जो कुछ भी चाहिए था सब कुछ नुपुर में था। वो चाहे खूबसूरती हो या फिर उसके हाव-भाव या लटके – झटके। वह मेरी अब तक की सबसे खूबसूरत रात थी। पर मुझे नहीं पता था कि वह सुनहरी रात काली बनने वाली है और यह खूबसूरत युवती मेरी जिन्दगी में विषकन्या बनकर आई है। मुझे कब नींद आई पता ही नहीं चला।
सुबह जब मैंने नुपुर को आठ सौ रुपये थमाया तो उसने कहा – “यह क्या? “
मैंने कहा – “एक रात की कीमत”
उसने कहा – “अभी तक नशा नहीं उतरा क्या डार्लिंग ? “
मैंने कहा – ” क्या कह रही हो, मुझे कुछ समझ में नहीं आ रहा है।”
उसने कहा – ” बहत्तर सौ और हुए।”
मैंने कहा – “क्या…… बहत्तर सौ…? बात तो आठ सौ में हुई थी न? “
उसने कहा – ” सर सचमुच आपको अबतक चढ़ी हुई है आठ सौ नहीं आठ हजार में बात फाइनल हुई थी। “
मैं आवाक उसका मुंह ताकते रह गया। जेब में तो मेरे सिर्फ दो सौ रुपये थे देता भी कैसे? अगले हफ्ते मेरी इंगेजमेंट थी इसीलिए इंगेजमेंट रिंग भी लेनी थी। इसीलिए मैंने नुपुर के साथ कड़ा रुख अख्तियार करके उसे जाने के लिए कहा। उस वक्त हमारे बीच काफी कहा – सुनी हुई और अंत में कहा-सुनी झगड़े में बदल गया। उसने मुझे धमकाया । मैंने कहा –
” मैं तुम जैसी औरतों को जानता हूँ इसीलिए इन गीदड़ भभकियों से नहीं डरने वाला। तुम्हें जो करना है कर लो।”
तब मुझे यह नहीं पता था कि ऐसी लड़कियां इतनी खतरनाक होती हैं।
मुझे अब वह सारी बातें याद आ रही हैं जो गाँव से शहर जाते समय मेरे पिता जी ने मुझसे कहा था- ” देख बबुआ बाहर में जे आपन जीभ आ लिंग पर लगाम लगाई से ही कमाई क सकेला ना त….” ( देखो बेटा बाहर में जो अपने जीभ और लिंग को अपने काबू में रखेगा वही कमा सकेगा वर्ना…)
तब मैं अपने पिता की बातों को हँसी में उड़ा दिया था यह सोचकर कि हमारे मां – बाप तो जिन्दगी भर बेमलब का उपदेश देते ही रहते हैं। काश…. काश कि मैं उनकी बात को मानकर उस पर अमल करता तो आज मुझे ऐसा दिन नहीं देखना पड़ता।
अब मुझे जो भी सजा मिले मंजूर है। बल्कि मुझ जैसों को सजा तो मिलनी ही चाहिए। अपना जुर्म कबूल कर सतीश ने गहरी सांस ली और फिर कहा – “लेकिन अदालत से एक गुज़ारिश है।”
सतीश की बातें सुनकर अदालत में सन्नाटा छा गया। नुपुर के माथे पर पसीना आ गया और दिल की धड़कनें तीव्र गति से चलने लगीं। वह कभी जज साब का चेहरा देख रही थी तो कभी सतीश का। तभी जज ने कहा बोलिये आपको जो भी कहना है।
सतीश अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए बोला – “नुपुर जैसी औरतों के लिए भी सजा मुकर्रर हो ताकि इन जैसी औरतें मर्दो को पहले अपने मोहजाल में फँसाकर शारीरिक सम्बन्ध स्थापित कर बाद में उनपर औरत का कार्ड खेलकर मुक़दमा दायर न कर सकें । जज साहब बस मुझे इतना ही कहना था।”
कठघरे से बाहर निकलते हुए सतीश स्वयं को हल्का महसूस कर रहा था। तभी एडवोकेट अजय प्रताप सिंह ने जज की तरफ़ मुखातिब होकर कहा – “मी लार्ड सतीश मनगढ़ंत कहानियाँ सुनाकर अदालत को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं इसलिए सबूतों और गवाहों के बयानों के मद्देनजर सतीश को कड़ी से कड़ी सजा दी जाये ताकि समाज में औरतें सुरक्षित रह सकें।
सतीश और एडवोकेट अजय प्रताप सिंह की बहस सुनने के बाद जज एक महीने बाद मुकदमा की सुनवाई की तारीख़ देते हैं।
अदालत के बाहर पत्रकारों के तीखे प्रश्न नुपुर को बेंधते हैं। नुपुर मुंह छुपाकर भाग रही है। अगली सुबह यह नुपुर और सतीश की तस्वीर के साथ यह समाचार शहर के सभी समाचार पत्रों में छ्प जाता है। समाचार का शीर्षक था एक रात की कीमत।

— किरण सिंह

*किरण सिंह

किरण सिंह जन्मस्थान - ग्राम - मझौंवा , जिला- बलिया ( उत्तर प्रदेश) जन्मतिथि 28- 12 - 1967 शिक्षा - स्नातक - गुलाब देवी महिला महाविद्यालय, बलिया (उत्तर प्रदेश) संगीत प्रभाकर ( सितार ) प्रकाशित पुस्तकें - 20 बाल साहित्य - श्रीराम कथामृतम् (खण्ड काव्य) , गोलू-मोलू (काव्य संग्रह) , अक्कड़ बक्कड़ बाॅम्बे बो (बाल गीत संग्रह) , " श्री कृष्ण कथामृतम्" ( बाल खण्ड काव्य ) "सुनो कहानी नई - पुरानी" ( बाल कहानी संग्रह ) पिंकी का सपना ( बाल कविता संग्रह ) काव्य कृतियां - मुखरित संवेदनाएँ (काव्य संग्रह) , प्रीत की पाती (छन्द संग्रह) , अन्तः के स्वर (दोहा संग्रह) , अन्तर्ध्वनि (कुण्डलिया संग्रह) , जीवन की लय (गीत - नवगीत संग्रह) , हाँ इश्क है (ग़ज़ल संग्रह) , शगुन के स्वर (विवाह गीत संग्रह) , बिहार छन्द काव्य रागिनी ( दोहा और चौपाई छंद में बिहार की गौरवगाथा ) ।"लय की लहरों पर" ( मुक्तक संग्रह) कहानी संग्रह - प्रेम और इज्जत, रहस्य , पूर्वा लघुकथा संग्रह - बातों-बातों में सम्पादन - "दूसरी पारी" (आत्मकथ्यात्मक संस्मरण संग्रह) , शीघ्र प्रकाश्य - "फेयरवेल" ( उपन्यास), श्री गणेश कथामृतम् ( बाल खण्ड काव्य ) "साहित्य की एक किरण" - ( मुकेश कुमार सिन्हा जी द्वारा किरण सिंह की कृतियों का समीक्षात्मक अवलोकन ) साझा संकलन - 25 से अधिक सम्मान - सुभद्रा कुमारी चौहान महिला बाल साहित्य सम्मान ( उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान लखनऊ 2019 ), सूर पुरस्कार (उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान 2020) , नागरी बाल साहित्य सम्मान बलिया (20 20) राम वृक्ष बेनीपुरी सम्मान ( बाल साहित्य शोध संस्थान बरनौली दरभंगा 2020) ज्ञान सिंह आर्य साहित्य सम्मान ( बाल कल्याण एवम् बाल साहित्य शोध केंद्र भोपाल द्वारा 2024 ) माधव प्रसाद नागला स्मृति बाल साहित्य सम्मान ( बाल पत्रिका बाल वाटिका द्वारा 2024 ) बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन से साहित्य सेवी सम्मान ( 2019) तथा साहित्य चूड़ामणि सम्मान (2021) , वुमेन अचीवमेंट अवार्ड ( साहित्य क्षेत्र में दैनिक जागरण पटना द्वारा 2022) जय विजय रचनाकर सम्मान ( 2024 ) आचार्य फजलूर रहमान हाशमी स्मृति-सम्मान ( 2024 ) सक्रियता - देश के प्रतिनिधि पत्र - पत्रिकाओं में लगातार रचनाओं का प्रकाशन तथा आकाशवाणी एवम् दूरदर्शन से रचनाओं , साहित्यिक वार्ता तथा साक्षात्कार का प्रसारण। विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर अतिथि के तौर पर उद्बोधन तथा नवोदित रचनाकारों को दिशा-निर्देश kiransinghrina@gmail.com

Leave a Reply