बाल कविता

*मेरे पापा सबसे अच्छे*

 

मेरे   पापा    सबसे   अच्छे,

मेरे   संग   बन   जाते  बच्चे।

झटपट  वो  घोड़ा  बन जाते,

और  पींठ  पर  मुझे बिठाते।

पूँछ हिलाते  हिन-हिन करते,

धमा  चौकड़ी  भरते  फिरते।

और  गुँलाटी  फिर  वो भरते,

टप-टप, टप-टप बोला करते।

थककर  कहते   भूखा  घोड़ा,

माँग   रहा   है  ब्रेड-पकोड़ा।

चाय   और   पकोड़ा   लाओ,

अब  घोड़े  की  भूख मिटाओ।

मेरी  प्यारी   बिटिया  रानी,

प्यासा  घोड़ा   लाओ  पानी।

जल्दी   से   मैं  पानी  लाती,

अपने  हाथों  उन्हें  पिलाती।

कितनी सुन्दर गुड़िया ला दी,

उपहारों  की  झड़ी  लगा दी।

जब  गुड़िया  का  पेट दबाती,

गाती,  हँसती   और  हँसाती।

कभी   पैर  पर  मुझे  झुलाते,

झू-झू   मामू    गाना    गाते।

ढब-ढब  करके   छान  उठाते,

ऊँचा   करते   और   गिराते।

पापा  फिर  से  छान उठाओ,

मुझे  उठाओ   और  गिराओ।

गिरना  पड़ना मुझको भाता,

पापा  के  संग  खेल  सुहाता।

खाना  अपने   संग  खिलाते,

और  कहानी   रोज़  सुनाते।

लोट-पोट  मैं   हो  जाती  हूँ,

थक कर फिर मैं सो जाती हूँ।

आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com