लघुकथा

इंसान जिन्दा है

वह अपनी आत्मा के साथ बाहर निकला था, आत्मा को इंसानों की दुनिया देखनी थी।

वे दोनों एक मंदिर में गये, वहां पुजारी ने पूछा, “तुम हिन्दू हो ना!” आत्मा हाथ जोड़ कर चल दी।

और एक मस्जिद में गये, वहां मौलवी ने पूछा, “तुम मुसलमान हो ना!” आत्मा ने मना कर दिया।

फिर एक गुरूद्वारे में गये, वहां पाठी ने पूछा, “तुम सिख तो नहीं लगते” आत्मा वहां से चल दी।

और एक चर्च में गये, वहां पादरी ने पूछा, “तुम इसाई हो क्या?” आत्मा चुपचाप रही।

वे दोनों फिर घर की तरफ लौट गये। रास्ते में उसकी आत्मा ने कहा, “इंसान मर गया, सम्प्रदाय ज़िन्दा है।”

उसने कहा, “नहीं! “इंसान जिंदा है। सभी जगह सम्प्रदाय नहीं होते।”

अपनी बात को साबित करने के लिए वह अपनी आत्मा को पहले एक हस्पताल में लेकर गया, जहाँ बहुत सारे ‘रोगी’ ठीक होने आये थे।

और फिर एक जेल में लेकर गया, जहाँ बहुत सारे ‘कैदी’ थे।

और मदिरालय लेकर गया, जहाँ सब के सब ‘शराबी’ थे।

और एक विद्यालय लेकर गया, जहाँ ‘विद्यार्थी’ पढने आये थे। अब आत्मा ने कहा, “इंसान ज़िन्दा तो है, लेकिन कुछ और बनने के बाद।”

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी शिक्षा: विद्या वाचस्पति (Ph.D.) सम्प्रति: सह आचार्य (कम्प्यूटर विज्ञान) साहित्यिक लेखन विधा: कविता, लघुकथा, बाल कथा, कहानी 18 पुस्तकें प्रकाशित, 10 संपादित पुस्तकें 53+ शोध पत्र प्रकाशित 70+ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त फ़ोन: 9928544749 ईमेल: writerchandresh@gmail.com डाक का पता: 3 प 46, प्रभात नगर, सेक्टर-5, हिरण मगरी, उदयपुर (राजस्थान) – 313 002 यू आर एल: https://sites.google.com/view/chandresh-c/about ब्लॉग: http://laghukathaduniya.blogspot.in/

Leave a Reply