लघुकथा

उम्मीद

भीषण गर्मी के कारण कुछ दिन पहले ही सूखे कुँए के आसपास बहुत भीड़ जमा थी, गाँव के निवासी अपने-अपने घरों से पानी भरने के पात्र, बाल्टी और रस्सियाँ लेकर आये हुए थे और आशा भरी निगाहों से कुँए के अंदर देख रहे थे।

गाँव के मुख्य मंदिर का पुजारी भी वहीँ था, कुँए में तीन-चार आदमी खुदाई कर कुँए को गहरा कर रहे थे और पुजारी मुंह में सुपारी चूसते हुए, चंदन का तिलक लगे अपने उन्नत भाल पर हाथ रखे बहुत ध्यान से कुँए में झाँक रहा था, साथ में कुछ मन्त्र भी बुदबुदा रहा था।

जैसी अपेक्षा थी, खोदते-खोदते एकदम पानी का फव्वारा छूटा और खोदने वालों में से एक आदमी गीला भी हो गया।

यह देखते ही पुजारी चिल्लाया, “तुरंत बाहर आओ, एक क्षण की भी देरी मत करो!”

वो सभी व्यक्ति तेज़ी से ऊपर चढ़े और कुँए से बाहर आ गए, जिस स्थान से वो बाहर निकले, वहाँ खड़े लोगों ने अपने-अपने पात्र उठा कर, उनके लिए रास्ता खाली कर दिया।

अब पुजारी कुँए के मुहाने पर खड़ा होकर पवित्र-जल, फूल और अन्य सामग्री कुँए में फैंकते हुए मन्त्र पढने लगा।

और लगभग पांच मिनट के बाद पुजारी ने कहा, “अब पानी भर सकते हैं।”

तब तक थोड़ा पानी भी कुँए में भर चुका था, सभी ने खुश होकर पानी भरना प्रारंभ किया।

और जो आदमी कुँए के अंदर गीला हुआ था, वह वहीँ एक पेड़ के पीछे खड़ा अपनी कमीज़ को आखिरी बार निचोड़ कर पानी को अपने चुल्लू में भर अपनी बेटी को पिलाते हुए कह रहा था, “पी ले, सवर्णों के कुँए का मीठा पानी है, पता नहीं फिर कब नसीब हो?”

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी शिक्षा: विद्या वाचस्पति (Ph.D.) सम्प्रति: सह आचार्य (कम्प्यूटर विज्ञान) साहित्यिक लेखन विधा: कविता, लघुकथा, बाल कथा, कहानी 18 पुस्तकें प्रकाशित, 10 संपादित पुस्तकें 53+ शोध पत्र प्रकाशित 70+ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त फ़ोन: 9928544749 ईमेल: writerchandresh@gmail.com डाक का पता: 3 प 46, प्रभात नगर, सेक्टर-5, हिरण मगरी, उदयपुर (राजस्थान) – 313 002 यू आर एल: https://sites.google.com/view/chandresh-c/about ब्लॉग: http://laghukathaduniya.blogspot.in/

Leave a Reply