30 अप्रैल : ईमानदारी के संकल्प से गूँजता एक विशेष दिवस
ईमानदारी दिवस हमारे नैतिक चरित्र को सशक्त बनाने और समाज में सच्चाई के प्रति विश्वास जगाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है जिसे हमें केवल एक औपचारिकता के रूप में नहीं बल्कि एक जीवन दर्शन के रूप में अपनाना चाहिए। आज के दौर में जब हर तरफ प्रतिस्पर्धा और स्वार्थ का बोलबाला है तब ईमानदारी ही वह एकमात्र तत्व है जो किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व को गरिमा प्रदान करता है और उसे समाज में विशिष्ट पहचान दिलाता है। वास्तव में ईमानदारी का अर्थ केवल आर्थिक लेन-देन में स्पष्टता रखना या पुलिस और कानून के डर से अपराध न करना ही नहीं है बल्कि इसका वास्तविक अर्थ अपने विचारों और अपनी अंतरात्मा के प्रति पूर्ण रूप से पारदर्शी होना है।जब एक व्यक्ति ईमानदारी का मार्ग चुनता है तो उसे मानसिक शांति और असीम आत्मविश्वास की प्राप्ति होती है क्योंकि उसे किसी भी झूठ को छुपाने के लिए किसी अतिरिक्त प्रयास की आवश्यकता नहीं पड़ती। पेशेवर जगत में भी सच्चाई और निष्ठा ही वह नींव है जिस पर बड़े-बड़े संस्थानों और व्यापारिक रिश्तों की इमारत खड़ी होती है क्योंकि बिना भरोसे के कोई भी समझौता लंबे समय तक नहीं टिक सकता। हमारे सामाजिक ढांचे में भी ईमानदारी का उतना ही महत्व है जितना कि शरीर में प्राणों का क्योंकि यदि नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार नहीं होंगे तो राष्ट्र की प्रगति की कल्पना करना भी व्यर्थ है।
आजकल की दिखावे वाली संस्कृति में अक्सर लोगों को लगता है कि चालाकी और झूठ से वे जल्दी सफ़लता प्राप्त कर लेंगे परंतु ऐसी सफलता रेत के महल की तरह होती है जो समय की एक छोटी सी लहर से ढह जाती है। इसके विपरीत ईमानदारी से हासिल की गई उपलब्धि भले ही देर से मिले लेकिन वह अत्यंत ठोस और सम्मानजनक होती है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक मिसाल बनती है। राष्ट्रीय ईमानदारी दिवस पर हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने जीवन के हर छोटे-बड़े निर्णय में सच्चाई का साथ देंगे और एक ऐसे पारदर्शी वातावरण का निर्माण करेंगे जहां छल-कपट का कोई स्थान न हो। अंततः हमें यह समझना होगा कि ईमानदारी किसी दूसरे पर किया गया उपकार नहीं है बल्कि यह स्वयं के चरित्र को संवारने और एक सुखी जीवन जीने का सबसे सरल मार्ग है।
— डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह सहज़
