लघुकथा

नयन तारा

अकेलापन एक अहसास, अक्सर रातों में या दिन में जब भी झपकी लेते, काल्पनिक यम द्वार पर वह स्वयं को कभी घसीटते कभी प्रताड़ित करते देख डर जाते । क्यों ऐसे सपने आते हैं ? मैं किसी के साथ बुरा नहीं कर रहा हूँ, बस बुढी हड्डियों में थोड़ी और जान ही तो ईश्वर से मांग रहा हूँ ।
पेंशन के पैसों से दोनों पोतियों को पढ़ा-लिखा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना चाहता हूँ । अगर डॉक्टर के कहे मुताबिक सभी विटामिन्स और दवाईयां लेने लग जाऊंगा तो दो ही विकल्प बचते हैं या तो मैं स्वयं को स्वयं ही लंबी आयु का वरदान देता रहूं या अपने बच्चियों को अच्छी शिक्षा दूँ ।
यही सब सोचते हुए वह अपने करीबी मित्र सुयश के यहां दरवाजे की घंटी बजाये, एक छोटा बड़ा प्यारा सा बच्चा द्वार खोलने आया ।
कमरे में घुसते ही पूछ बैठे– “बेटा-बहू घर आये हैं क्या ?”
“हाहाहा…तुम भी कैसी कल्पना करते हो ! उन्हें अपनी व्यस्ततम जिंदगी से फुर्सत कहां है जो वे लोग मेरे पास आयेंगे ।”
“फिर ये सब बच्चे ?”
“रूको बताता हूँ, डाक्टर के कहे मुताबिक ढेरों दवाईयां लेता रहा पर कमजोरी दिनों-दिन बढ़ती ही जा रही थी, फिर मुझे अपनी माँ की बातें याद आ गई, वह कहा करती थी– “बेटा सौ साल पहले के बुजुर्ग अपने संयुक्त परिवार में नाती-पोतों के साथ खेलते हुए स्वस्थ रहते थे । मैं अब मुहल्ले के बच्चों के साथ खेलता हूँ वीडियो गेम, लूडो कैरम इत्यादि, भूल जाता हूँ दवा खाना फिर भी अब पहले से काफी स्वयं को स्वस्थ पाता हूँ ।”
मन ही मन एक साथ ढेर सारे प्रश्नों के जवाब उन्हें मिल गये, प्रत्यक्ष में बोले– “सुयश कल से तेरी मंडली में मैं भी आऊंगा अभी चलता हूँ ।”
“अरे बैठो यार यह बताओ, अपने बेटे-बहू के सड़क दुर्घटना में गुजरने के बाद तुझे पोतियों को पढाने में बहुत कष्ट उठाने पड़ते होंगे ।”
“ईश्वर हर किसी को जिम्मेदारी निभाने का मौका नहीं देते हैं । मैं खुशनसीब हूँ उन्होंने मुझे इस योग्य समझा । हमारी दोनों पोतियां हमारी नयन तारा हैं उन्हें संभालते हुए कष्ट कैसा ।”

— आरती राय

*आरती राय

शैक्षणिक योग्यता--गृहणी जन्मतिथि - 11दिसंबर लेखन की विधाएँ - लघुकथा, कहानियाँ ,कवितायें प्रकाशित पुस्तकें - लघुत्तम महत्तम...लघुकथा संकलन . प्रकाशित दर्पण कथा संग्रह पुरस्कार/सम्मान - आकाशवाणी दरभंगा से कहानी का प्रसारण डाक का सम्पूर्ण पता - आरती राय कृष्णा पूरी .बरहेता रोड . लहेरियासराय जेल के पास जिला ...दरभंगा बिहार . Mo-9430350863 . ईमेल - arti.roy1112@gmail.com

Leave a Reply