अब रील बनाना भी पढ़ाई
यूनिवर्सिटी दे रही कंटेंट क्रिएशन की डिग्री, रीलबाज हीरो ?
बच्चों का घंटों मोबाइल रील्स बनाना, बिना किसी मेहनत के प्रसिद्धि पा जाना, दिन भर स्क्रॉल करते रहना कितना उचित है। इस विषय पर कुछ लिखने की सोच रही थी। लेकिन ये क्या? आज सुबह जब अखबार में पढ़ा
रील बनाना भी पढ़ाई! यूनिवर्सिटी भी इस तरह कंटेंट क्रिएशन की डिग्री प्रदान कर रही हैं। अब क्या कहें ? प्रतिदिन फूहड़ नग्नता का प्रदर्शन करती, अजूबा बन किसी मोहतरमा का ध्यान आकर्षित करना, मानसिक समस्या है या फैशन। पाव गर्ल हो या डॉली चायवाला, कच्चा बादाम वाली अंजलि हो या किसी के आंख मारने का अंदाज, “बचपन का प्यार” वाले सहदेव का गाने का अंदाज या अभी हाल ही में जंतर मंतर पर रीलबाज क्रिएटर् एक नाबालिग युवा, जिसे “ऊ ऊ अहा” गाने से रातों रात पब्लिसिटी मिली और सेलिब्रिटी बन गए। जिसकी नकल कर बड़े-बड़े लोग रील बना रहे। जिसका बड़े बड़े चैनल, पत्रकारों ने इंटरव्यू लिया। वह लड़का रातों रात चमक गया, अब सोचिए बिना कुछ करे धरे इतना hype मिल जाए तो कोई क्यों पढ़ना चाहेगा, बौरा नहीं जाएगा? किसी के खिलाफ कुछ बोल देना, एजेंडा चलाना, बेवकूफी भरे कंटेंट डालना, ऐसे कौन से कीर्तिमान स्थापित करने वाले कारनामे हैं, जिसके लिए इन्हें पैसे भी मिलते हैं।
आप कितने पढ़े लिखे प्रोफेसर्स, डॉक्टर्स, इंजीनियर्स, साइंटिस्ट, पुलिस, सेना, अधिकारी, व्यापारी आदि को जानते हैं जो रातों रात चमके हों, पब्लिसिटी मिली हो, लेकिन ये रीलबाज चमक जाते हैं। मुझे तो कई बार लगता है जितनी अधिक बेवकूफी भरे, नेगेटिव कंटेंट उतनी अधिक प्रसिद्धि।
रीलबाजों को हीरो बनाना क्या सही है, इनको देख कर लाखों बच्चे इसी तरह की थोथी सफलता प्राप्ति के लिए कूदना चाहेंगे। और अधिकतर बच्चे इंफ्लूएंसर बनने के चक्कर में अपनी गोल्डन एज गंवा चुके होंगे। और कुछ समय बाद इनके पास ना तो पैसा, ना स्किल, ना समय और ना ही उम्मीद होगी, तब क्या करेंगे। या हम ऐसे ही भविष्य की कामना करते हुए खुश हो रहे हैं।
दूसरी ओर यदि इन्हीं यू ट्युबर्स को सोशल मीडिया पर मिलने वाले कमेंट्स, लाइक्स, व्यूज में कमी आ जाए तो अवसाद की स्थिति बनते देर नहीं लगेगी।
इस तरह बच्चों के स्वाभाविक बचपन से तो खिलवाड़ है ही, शारीरिक मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालती है।
इन रीलबाजों को अपना हीरो मानना, कितना सही है, सोचिए। कई बार देखने में आता है पेरेंट्स, पति पत्नी भी रील बनाने के पागलपन में बच्चों की सुरक्षा से, रिश्तों की मर्यादा, संस्कृति से खिलवाड़ करने में नहीं चूकते।
रीलबाजों का उठना, बैठना, खाना पीना, घूमना, डेली रूटीन, उठने से लेकर सोने तक तो ठीक है, कई बार कैसी कैसी बेहूदा हरकतें भी रिकॉर्ड कर लेते हैं। इनका बस चले तो ह…..गने में भी रील बना दें।
— मनु वाशिष्ठ
