धनतेरस
पंच-दिवसीय पर्व की हुई है मांगलिक शुरुआत,
उत्सव की रंगत से महके है मन के पारिजात ।
कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि मनाते हैं धनतेरस,
धन्वंतरि देव लुटाते आरोग्यता का अमिय रस,
धन कुबेर और महालक्ष्मी जी का पूजन-अर्चन,
सौभाग्य जगाएं और करें धन-धान्य से सम्पन्न,
व्यापार संग जीवन में हो “आनंद” की बरसात,
उत्सव की रंगत से महके है मन के पारिजात ।
सोने-चाॉंदी या पीतल का सामान, खड़ा धनिया,
मूरत लक्ष्मी-गणेश की खरीदतें गृहस्थ बनिया,
देव स्थानों, तटों और घरों में दीपों की कतार,
हर ओर है सुनहरी रोशनी की चमक और प्यार,
त्योहारों की रौनक से जगमग है हाट दिन-रात,
उत्सव की रंगत से महके है मन के पारिजात ।
हो फलीभूत सच्ची आस्था और पक्का विश्वास,
निरोगी शरीर और सात्विक सुख यश-कीर्ति की आस,
सुख-समृद्धि वैभव की देवी विष्णु प्रिया हो वरदा,
पाएं धनवंतरी, यक्षराज कुबेर से संपदा,
कृपा से ईश की हुए निर्मल अंतरंग जज़्बात,
उत्सव की रंगत से महके है मन के पारिजात ।
— मोनिका डागा “आनंद”
