कविता

जब बोधि होती भास्वर!

    जब बोधि होती भास्वर,
    संवाद ना रहते अधिक;
    वादों विवादों से निकल,
    होते सृजन हैं सार्थक!

    अनुभूतियाँ होतीं प्रचुर,
    है भासता भव जो प्रखर;
    निर्णय सहज होते सुलभ,
    आनन्द ले पाते विचर!

    करने न पड़ते कर्म बहु,
    आता समझ है मर्म मधु;
    गति धर्म की होती गहन,
    उलझन न फिर रहती जगत्!

    अंतस् में जिसके जो रहा,
    दिखता है क्या कोई बुन रहा;
    कर्त्तव्य क्या लखता है उर,
    क्या हो रहा जाता निखर!

    मन मयूरी नचती सिहर,
    गोलोक होता प्रदीप्तित;
    ‘मधु’ प्रकाशों के रह शिविर,
    प्रभु के चरण तकते विचर!

    ✍🏻 डॉ. गोपाल बघेल ‘मधु’

    Leave a Reply