दीपोत्सव
विधा- कविता
शीर्षक- कुछ इस तरह से दीपोत्सव…
दीपों से जगमग घर आँगन आज,
प्रेम-विश्वास का दीप भी जलाया जाए
कुछ मीठे शब्दों के मिष्टान्न से,
जिव्हा को मधुर बनाया जाए
कुछ इस तरह से दीपोत्सव मनाया जाए।
प्रेम के इत्र से ह्रदय महकाकर,
दिवाली आई है, ले उजास की धार,
तन सजाने-संग मन भी सजाया जाए,
क्रोध-कपट-ईर्ष्या मन से छिटकाया जाए,
कुछ इस तरह से दीपोत्सव मनाया जाए।
करुणा को गले लगाया जाए,
क्रोधासुर को दूर भगाया जाए,
खुशियों की खुराक प्रेम से बांटकर,
घर-आँगन की शोभा बढ़ाई जाए,
कुछ इस तरह से दीपोत्सव मनाया जाए।
मन-आंगन सजे विनम्रता-झालर से,
छोटों से प्यार बड़ों के आदर से,
नेक कर्मों से जीवन सजाया जाए,
सच्चे मेल-मिलाप को जीवंत रखा जाए,
कुछ इस तरह से दीपोत्सव मनाया जाए।
स्वरचित और मौलिक
लीला तिवानी
सम्प्रति ऑस्ट्रेलिया
