डिफॉल्ट

मुझे गुजरे जमाने में(मुक्तक)

मुझे गुजरे जमाने में दुबारा भेज दो भगवन।

नहीं अब चाहता हूं यश, नहीं अब चाहता हूं धन।

मुझे उपलब्धियों के नाम पर है कुछ नहीं लेना,

नहीं अब चाहिए कुछ भी, मुझे दे दो मेरा बचपन।

हमारी पाठशाला को, नहीं बस कार जाती थी।

हमें पगडंडियों वाली, डगर पैदल बुलाती थी।

मुझे वो याद आता है, ज़माना बिन मुबाइल का,

कभी नानी कभी दादी, मुझे किस्से सुनाती थी।

यहां दादी के किस्सों की, जगह कार्टून भाया मन,

बनाते रील हैं दिनभर , किताबों में न लगता मन।

निगल डाला नया बचपन, मुबाइल और टीवी ने,

करो बस बंद कुछ पल भर, बचा लो आधुनिक बचपन।

सदा ही धूल रेतों में, पला है गांव का बचपन,

हुआ है कैद फ्लेटों में, शहर का आधुनिक बचपन।

मशीनी जिंदगी में अब, समय मिलना हुआ मुश्किल,

रहा खुद पर नहीं है बस, हुआ है बैल सा जीवन।

प्रदीप शर्मा

आगरा, उत्तर प्रदेश

Leave a Reply