राजनीति

उत्तर प्रदेश में बना नया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा – हिंदू विरोधी गठबंधन

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए राजनैतिक दलों की तैयारी में तेजी आ रही है।नये गठबंधन और सत्ता समीकरण बन रहे हैं। इसी कड़ी में एआईएआइएम चीफ असद्दुदीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी(कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने नये गठबंधन का ऐलान करते हुए सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषण करी है। इस नए गठबंधन ने अपने आपको ताकतवर बताते हुए सपा और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने की दावत दी है ताकि भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोका जा सके।

यह नया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा विशुद्ध रूप से एक हिंदू विरोधी गठबंधन है। यह समीकरण दलित मुस्लिम गठजोड़ पर बना है। जहां चंद्रशेखर आजाद की नजर 21 प्रतिशत दलित वोट बैंक और 150 सीटों पर टिकी है वहीं ओवेसी की नजर 20 प्रतिशत मुस्लिम वोट बैंक और 143 सीटों पर है।अगर इनको जोड़ दिया जाता है तो यह 41 प्रतिशत और कुल 293 सीटें हो जाती हैं। एआईएमआईएम प्रमुख असद्दुदीन ओवैसी ने कहा कि जब सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के चंद्रशेखर आजाद प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे तब हम उन बदलावों को लागू करेंगे जिनकी हमने कल्पना की है। वहीं चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं है, यह मजबूत है आगे और रहेगा। जैसे-जैसे हाशिए पर धकेले गए वंचित, पीड़ित, शोषित और दबे कुचले वर्गों के लोग इससे जुड़ेंगे, यह मोर्चा उन लोगों के लिए एक बहुत बड़ी ताकत बन जाएगा।

नये गठबंधन को लेकर कांग्रेस और सपा आरोप -प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं। कांग्रेस नेता इमरान मसूद का कहना है कि जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करना देश के लिए ठीक नहीं है। बिहार का उल्लेख करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि आप बिहार गए पांच सीटें जीत गए, वहां बीजेपी की सरकार बन गई।अब आप यहां यूपी से चुनाव लड़ेंगे तो किसे लाभ होगा? वहीं एनडीए गठबंधन में शामिल ओमप्रकाश राजभर का कहना है कि यह गठबंधन सपा और बसपा दोनों के लिए जहर के समान है। सपा का कहना है कि यूपी के लोगों को बाहरी लोगों पर भरोसा नहीं है। ये लोग कभी हुमायूं कबीर के साथ खड़े होते हैं और कभी किसी के साथ गठबंधन कर लेते हैं। विगत चुनावों में ओवैसी की पार्टी ने यूपी सहित कई राज्यों में बहुजन समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था और पंजाब सहित कई राज्यों में चुनाव लड़ा था। आज उस गठबंधन के कारण मायावती की राजनीति का क्या हश्र हुआ, प्रदेश की जनता अच्छी तरह से जानती है।

चंद्रशेखर और ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर दलित- मुस्लिम समीकरण का दांव चलकर जो सभी 403 सीटों पर लड़नेकी घोषणा की है वो सपा के पीडीए और बसपा के वोट बैंक के लिए बड़ी चुनौती है। चंद्रशेखर उसी जाति से आते हैं जिस जाति की मायावती हैं और उनका वोटबैंक भी वही है। चंद्रशेखर जब से यूपी की राजनीति में सक्रिय हुए हैं तभी से यह आंकलन किया जा रहा है कि चंद्रशेखर बहन मायावती के वोटबैंक में बड़ी सेंधमारी कर रहे हैं, यह बात 2024 के लोकसभा चुनावों से पुख्ता भी हो गई है। यही कारण है कि बसपा सुप्रीमो मायावती चंद्रशेखर के खिलाफ आक्रामक और सावधान की मुद्रा में रहती हैं तथा अपने काडर से भीम आर्मी व अन्य दलित संगठनों के आंदोलनों से दूरी बनाने को कहती हैं क्योंकि उन्हें पता है कि दलितों को आक्रोशित कर कुछ तथाकथित बहुरूपिए मान्यवर कांशीराम के मिशन को फेल करने की साजिश कर रहे हैं। बहन मायावती कई अवसरों पर चंद्रशेखर आजाद को बहुरूपिया कह चुकी हैं।

प्रदेश का नया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा वास्तव में एक हिंदू विरोधी गठबंधन है। चंद्रशेखर विगत कई वर्षों से यूपी की राजनीति में सक्रिय हैं। उनकी प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा कोई नई या आश्चर्यजनक नहीं है। जब तमिलनाडु में टीवीके के नेतृत्व में थलपति विजय की सरकार बनी तब प्रदेश की राजनीति में सबसे अधिक खुश भीम आर्मी के चंद्रशेखर ही थे। सोशल मीडिया के माध्यम से यह वातावरण बनाया गया कि अगली बार यूपी में भी तमिलनाडु जैसा बदलाव होकर रहेगा और यह बातें भी हुईं कि तमिल मुख्यमंत्री थलपति विजय चंद्रशेखर की पार्टी के स्टार प्रचाकर बनेंगे। जब जंतर- मंतर पर छात्रों के आंदोलन के समय भी चंद्रशेखर अत्यंत सक्रिय हुए थे और दावा किया था कि उनकी एक आवाज पर लाखों की तादाद में दलित समुदाय सड़कों पर उतर पड़ेगा।

चंद्रशेखर के कार्यकर्ता दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में अत्यंत सक्रिय हैं और घोर हिंदू विरोधी हैं। अभी कुछ दिनों पूर्व अवध के कुछ जिलों सहित अन्य कई जिलों व कस्बों में इन लोगों ने घरों व दुकानों पर लगे भगवा ध्वजों को उतारकर फेंक दिया था और उसकी जगह नीला झंडा लगा दिया था। उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं जिसके कारण काफी तनाव भी फैला था। योगी प्रशासन के समय रहते संज्ञान लेने के कारण स्थिति शांत हो गई। चंद्रशेखर और भीम आर्मी धर्मांतरण की रोकथाम के लिए लाए गए विधेयक, लव जिहाद व गोवध कानून के घोर विरोधी हैं। जब यूपी में धर्मांतरण विरोधी अभियान में छांगुर प्रकरण सामने आया था और बडे़ खुलासे हो रहे थे तब भी चंद्रशेखर और ओवैसी ने अनर्गल बातें कही थीं।

भीम आर्मी के कार्यकर्ता गावों में चर्च की ओर से लगने वाली प्रार्थना सभाओं का समर्थन करते हैं। पुलिस कार्यवाही होती है तो प्रार्थना सभाओं के पक्ष में खड़े हो जाते हैं और हंगामा करते हैं। यूपी मे बडे पैमाने पर चलने वाले धर्मान्तरण के खेल का ऐसे अराजकतावादी संगठन समर्थन करते हैं। अगर ऐसे घोर जातिवादी व मुस्लिम परस्त गठबंधन गलती से भी सत्ता के निकट पहुँच गए तो क्या प्रदेश का वन ट्रिलियन इकॉनमी बनने का सपना पूरा हो पाएगा?

— मृत्युंजय दीक्षित

Leave a Reply