मस्त रहिए , स्वस्थ रहिए
मित्रों बात 1967-1972 की है, मैं कानपुर में 5 साल हॉस्टल में रहा हूं, उस इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में हम लगभग 125 छात्र थे, रसोईया के द्वारा बनाया गया साधारण खाना, कोई फल नहीं, कोई दूध मेवा नहीं, नित्य कर्म और नहाने धोने के लिए गिने चुने साधारण बाथरूम, सब कुछ कुछ मिला जुला था। और जरूरी काम के लिए सुबह कतार लगानी पड़ती थी, लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि इन पांच वर्षों में हमारे यहां कोई छात्र बीमार नहीं पड़ा।
मुझे इसका एक ही कारण नजर आता है कि हमारे हॉस्टल का वातावरण बहुत ही मैत्री पूर्ण था, हम लोग मस्त रहते थे, खूब खेलते कूदते थे ,हंसी मजाक करते थे और उसके साथ साथ बहुत ज्यादा पढ़ाई भी करते थे क्योंकि वह तो बहुत जरूरी थी, फिल्में देखने का भी बहुत शौक था हम सबको। उस समय टीवी तो नहीं होता था लेकिन मेरे पास एक रेडियो था और हम सब मिलकर वहां गाने आदि सुनते थे। बहुत ही सीधा-साधा साधारण जीवन, अर्थात किसी तरह का कोई तनाव हमने नहीं देखा, तो मेरी समझ में तो यही आता है कि हर शारीरिक बीमारी का मुख्य कारण चिंता और तनाव ही है। इसीलिए मैं कहता हूं, मस्त रहिए , स्वस्थ रहिए,।
जीवन में समस्याएं आती जाती रहती हैं, लेकिन उन्हें कभी तनाव की चिंता का कारण न बनने दे, उनका हल ठंडे दिमाग से ही सोच कर उचित हल निकाले ,सब ठीक हो जाता है समय के साथ। आप सबको चिंता रहित लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाओं के साथ मेरा संदेश है। इसीलिए मैं फिर कहता हूं मस्त रहिए , स्वस्थ रहिए,।
— जय प्रकाश भाटिया
