कविता

कहाँ आगे हम जाएँगे

जो होता था सिरमौर जगत का
सारे देशों का एकमेव नरेश
आज कहाँ है आ गया पतित हो
हमारा प्यारा महान भारत देश!
कहाँ से कहाँ आ गए हैं हम देखो
कहाँ आगे हम भविष्य में जाएँगे
थी एक विलुप्त जाति भारतीयों की
आगे अध्यापक यही तो नहीं पढ़ाएंगे?
स्वप्न में क्यों हो खोये अभी भी?
सत्य को आँख उठा स्वीकार करो
प्रतीक्षा तो चलेगी अनंत काल तक
अपने हाथों अपना तुम उपकार करो।
अपने देश के उस पुरातन प्राचीन
गौरव को किंचित तो याद करो!
समय शेष है अभी भी देशवासियों !
केवल बैठकर यूं ही न अवसाद करो!
यह कदाचित है अंतिम अवसर ही
जो हमें है आज ऐसा प्राप्त हुआ
अब भी अगर चूके अपनी भूल से
तो समझो कि भारत समाप्त हुआ।
यह प्रत्येक संस्कृति की है कहानी
जिसने पौरुष का पथ अपनाया है
अस्तित्व सुरक्षित रह सका उसीका
उसीने विजय का ध्वज फहराया है।
— क्षितिज जैन “अनघ”

क्षितिज जैन "अनघ"

पिता का नाम- श्री रोहन जैन शिक्षा- कक्षा बारहवीं में अध्ययनरत ईमेल आईडी- kshitijjain415@gmail.com संप्रति- जयपुर में निवास प्रकाशित रचनाएँ- 1 दो पुस्तकों, क्षितिजारूण तथा जीवन पथ का प्रकाशन 2 नव किरण प्रकाशन बीकानेर द्वारा प्रकाशित साझा काव्य संकलन- "काव्य किरण" 3 बुक रिवर्स लखनऊ द्वारा प्रकाशित साझा काव्य संकलन- "अलकनंदा" 4 चिराग प्रकाशन दिल्ली द्वारा प्रकाशित साझा इबुक कहानी संग्रह "इक्कीस श्रेष्ठ कहानियाँ" 5 देश के पंद्रह से अधिक समाचार पत्रों में 90 से अधिक रचनाएँ प्रकाशित 6 देश-विदेश की विविध वेब मैगजीन यथा साहित्य कुंज, साहित्य सुधा व अनुभव में भी रचनाएँ प्रकाशित 8 अंतरा शब्द शक्ति की मासिक पत्रिका, साहित्य नामा मुंबई और जगमग दीपज्योति अलवर आदि पत्रिकाओं में भी रचनाएँ प्रकाशित 9 माही संदेश हिंदी पत्रिका व दैनिक वर्तमान अंकुर के लाइव फेसबुक काव्य सेशन में काव्य पाठ सम्मान व उपलब्धियां 1 नवकिरण सृजन सम्मान 2019 से सम्मानित 2 अलकनंदा साहित्य सम्मान से सम्मानित 3 अखिल भारतीय कुमुद टिक्कू कहानी प्रतियोगिता में कहानी "अन्य श्रेष्ठ कहानी पुरस्कार" में चयनित 4 अंतरा शब्द शक्ति की विशेष कविता प्रतियोगिता में रचनाएँ चयनित जो ईबुक रूप में प्रकाशित हो चुकी हैं 5 नवीन कदम समूह छत्तीसगढ़ द्वारा माँ वीणापाणि सम्मान 2020 प्राप्त 6 दैनिक वर्तमान अंकुर नोएडा द्वारा दैनिक श्रेष्ठ सृजन सम्मान प्राप्त 7 दैनिक नवीन कदम द्वारा कविता को सप्ताह की सर्वश्रेष्ठ कविता का पुरस्कार प्राप्त विशेष - आकाशवाणी माउंट आबू द्वारा 2016 में भेंट वार्ता प्रसारित