धर्म-संस्कृति-अध्यात्म

हर्ष, उमंग एंव सद्भावना का त्यौहार: लोहड़ी

छोटी-छोटी खुशियों का संग्रह है ज़िंदगी। खुशियों का पूरा गगन किसी के भी पास नहीं है कि मनुष्य जब चाहे खुशी का सितारा तोड़ कर ज़िन्दगी को श्रृंगार ले। मनुष्य ने मौसम, दिन, वातावरण, रीति रिवाज़, रिश्ते-नाते, मोहब्बत, प्रेम, लगाव तथा परम्पराओं इत्यादि को मद्देनज़र रखते हुए हर्ष, चाव इत्यादि को ढूंढने के लिए मेलों, त्योहारों को अस्तित्व में लाया गया। अगर मनुष्य की ज़िंदगी से मेले-त्यौहार तथा महत्वपूर्ण दिनों को मनफी कर दिया जाए तो समस्त ज़िंदगी नीरस सी, फीकी एंव बे-स्वाद सी होकर रह जाए। मनुष्य की ज़िंदगी में खूबसूरतियां, सुन्दरता, सौन्दर्य, जीने की उमंग, एक ललक तथा एक इच्छा पैदा करते हैं मेले एंव त्यौहार।
लोहड़ी शब्द लोही से बना जिस का अभिप्राय है वर्षा होना, फसलों का फूटना। एक लोकोक्ति है अगर लोहड़ी के समय वर्षा न हो तो कृषि का नुक्सान होता है। परम्परा के गुलशन से ही जन्म लेता है लोहड़ी का त्यौहार। यह त्यौहार मौसम के परिवर्तन, फसलों का बढ़ना तथा कई ऐतिहासिक तथा मिथ्यहासिक दन्त कथायों से जुड़ा हुआ है। मुख तौर पर भारत का प्रसिद्ध राज्य पंजाब उतरी भारत कृषि प्रधान राज्य हैं। इसी वजह से किसानों, जिमींदारों एंव मज़दूरों की मेहनत का पर्यायवाची है लौहड़ी का त्यौहार। यह त्यौहार हर्ष तथा सद्भावना को सर्दी की उल्हड़ ऋतु में कीर्तिमान करता है। लोहड़ी समस्त मज़हबों, धर्मों के लिए एकता का प्रतीक तथा सांस्कृतिक का एक भव्य उपहार है।
लोहड़ी माघ महीने की सक्रांति से पहली रात को मनाई जाती है। किसान सर्द ऋतु की फसलें बो कर आराम फरमाता है। जिस घर में लड़का पैदा हुआ हो उसकी शगुन एंव हर्ष से लोहड़ी पाई जाती है। बैंड-बाजे बजाए जाते हैं। बाज़ीगरनें एंव भंड रिश्ते-नातों के गीत सुना कर हास्य-व्यंग्य के विनोद गायन सुना कर अपने बनती लोहड़ी (बधाई) बटौर कर ले जाते हैं। इस दिन प्रत्येक घर में मुंगफली, रेवड़ियों, चिरवड़े, गच्चक, भुग्गा, तिलचौली, मक्की के दाने, गुड़, फल इत्यादि लोहड़ी बांटने के लिए रखे जाते हैं। गन्ने के रस की खीर बनाई जाती है। दही के साथ इस का सवाद अपना ही होता है। जिस नवजन्मे बच्चे के लिए लोहड़ी पाई जाती है उसके रिश्तेदार उसके लिए सुन्दर वस्त्र, खिलौने तथा जेवरात इत्यादि बनवा कर लाते हैं।
आजकल तो लड़कियों की लोहड़ी भी खुशी एंव उमंग से पाई जाती है। विकसित परिवारों में लड़की की लोहड़ी का चाव लड़के से कम नहीं करते। रिश्तेदार लड़की को आभूषण एंव सुन्दर वस्त्र देते हैं। खास कर के लोहड़ी वाली लड़की को पाजेबें देना शुभ शगुन समझते हैं। इस दिन घरों के आंगनों, संस्थाओं, जुंडलियों, मुहल्लों, बाज़ारों इत्यादि में खड़ी लकड़ियों के ढ़ेर बनाकर या उपलों का ढ़ेर बना कर या उपलों का ढ़ेर बना कर उसकी अग्नि से सेंक का लुत्फ लिया जाता है। चारों और बिखरी सर्दी तथा रूईं की भान्ति फैली धुंध में अग्नि के सेंक का अपना ही आनंद होता है। इस अग्नि में तिल इत्यादि फैंकते हैं। घरों में समस्त परिवार बैठ कर हर्ष की अभिव्यक्ति के लिए गीत गायन करते हैं। देर रात तक ढ़ोलक की आवाज़, ढ़ोल के फड़कते ताल, गिद्दों-भंगड़ों की धमक तथा गीतों की आवाज़ सुनाई देती रहती है। रिश्तों की सुरभि, मोह-ममता तथा प्यार का नज़ारा चारों ओर देखने को मिलता है। एक सम्पूर्ण खुशी का आलम।
लोहड़ी के त्यौहार के साथ जुड़ी कई कथाएं प्रचलित हैं। एक प्रसिद्ध डाकू दूल्हा भट्ठी ने एक निर्धन ब्राह्मण की दो बेटियों सुन्दरी एंव मुन्दरी को ज़ालिमों में छुड़ा का उनकी शादियां कीं तथा उन की झोली में शक्कर डाली। उन निर्धन बेटियों की शादियां कर के पिता के फर्ज़ निभाए। इस सम्बध में एक लोक गीत अब भी प्रचलित है जैसे: सुन्दर मुन्दरिए, हो, तेरा कौन बेचारा-होः दुल्ला भट्टी वाला-हो, दुल्ले ने धी बेआही-हो, सेर शक्कर पाई-होः कुढ़ी दे बोझे पाई-होः कुढ़ी दा लाल पटाका-होः कुढ़ी दा शालू पाटा-होः शालू कौन समेटे-होः चाचा गाली देसे होः चाचे चूरी कुट्टी होः सेर शक्कर पाई होः, ज़िमींदारां वहुटी-होः, ज़िमींदार सदाओ-होः गिन-गिन पोले लाओ-होः इक पोला घस गया, ज़िमींदार वहुटी लै के नस्स गयाः हो-हो-हो-हो-हो-हो-हो-हो।
लोहड़ी वाले दिन बुजुर्ग लोक सुन्दरी-मुन्दरी की कथा भी सुनाते हैं किस तरह दुल्ला भट्टी डाकू ने निर्धन लड़कियों का विवाह कर के अपना धर्म निभाया। लोहड़ी के कई परम्परावादी गीत प्रचलित हैं जैसेः लोहड़ी बई लोहड़ी, दिओ गुड़ दी रोड़ी, कलमदान विच घिओ, जीवे मुंडे दा पियो, कलमदान विच कांना, जीवे मुंडे दा नाना, कलमदान विच कांनी, जीवेम मुंडे दी नानी। लड़के-लड़कियां भी इस दिन लोहड़ी मांगते हैं। ग्रुप बना कर लोहड़ी मांगने का अपना ही एक मज़ा होता है। बेशक लोहड़ी के गीत अलोप होते जा रहे हैं परन्तु वृद्ध-जनों को आज भी यह गीत जुबानी याद हैं जैसे कोठी हेठ चाकू, गुड़ दऊ मुंडे दा बापू। कोठी उत्ते कां, गुड़ दऊ मुंडे दी मां। विवाहित जोड़ों (दम्पति) की भी लोहड़ी पाई जाती है। इस पर एक लोक गीत हैः टांडा नी लकड़ियों टांडा सी, इस टांडे नाल कलीरा सी, जुग जीवे नी बीबी तेरा वीरा सी, इस वीरे दी वेल वदाई सी, घर चूड़े ते बीढ़े वाली आई सी, चूड़ा बीढ़ा वज्जे नी, शरीकनियां नूं सद्दे नी, शरीकनियां मारे बोल, तेरा निक्का जीवे, तेरा बड्डा जीवे, वड्डा वड़ेरा जीवे, गुड़ दी रोड़ी देवे, भाईयां दी जोड़ी जी
लोहड़ी वाले घर से अगर जल्दी लोहड़ी न मिले तो लड़कियां यह गीत कहती हैं- साड़े पैरां हेठ रोढ़, सानूं छेती-छेती तोर, साड़े पैरां हेठ दहीं, असीं मिलना वी नईं, साड़े पैरां हेठ परात, सानूं उत्तों पै गई रात। लड़का पैदा होने पर लड़कियां व्यंग्य-विनोद में उस के परिवार को इस गीत से सम्बोधन करती हैं: गीगा लकड़ी दा शाबा, वे लड़ाका तेरा बाबा, गीगा तत्ता-तत्ता घिओ, वे लड़ाका तेरा पिओ, गीगा गोरी-गोरी गां, वे लड़ाकी तेरी

मां। इस तरह कुछ और गीत जैसेः कुपिए नीं कुपिए, असमान ते लुट्टिए, असमान पुराना, छिक् बन्ना ताना, लंगरी च दाल, मार मत्थे नाल, मत्था तेरा बड्डा, लेआ लकड़ियां दा गठ्ठा। लोहड़ी के दिन लड़के स्वांग बन कर नाचते गाते भी लोहड़ी मांगते हैं। लोहड़ी के दूसरे दिन माघी का पवित्र त्यौहार मनाया जाता है। माघ माह को शुभ समझा जाता है। इस माह में विवाह शुभ मानते जाते हें। इसी माह में पुन्य दान करना, खास करके लड़कियों की शादी करना शुभ माना जाता है। इस माह में नवयुवकों को खूब खुराक खानी चाहिए। ठिठुरती सर्दी में रजाई का आनन्द, गन्ने का रस, मूली, गाजर इत्यादि खाने का मजा भी इसी महीने आता है। चावल की खिचड़ी, सरसों का साग, मक्की की रोटी और मख्खन खाने का ज़ायका भी कमाल का होता है।
माघी का मेला अनेक शहरों में मनाया जाता है। खास करके मुक्तसर (पंजाब) में। सिक्खों के पांचवें गुरू श्री अर्जुन देव जी ने माघ माह की बारह माह बाणी में प्रशंसा की हैः माघ मंजन संग साधुआं धूढ़ी कर इस्नान इत्यादि। श्री कृष्ण भगवान ने गीता के आठवें अध्याय में भी माघ माह का अति सुन्दर वर्णन किया हैः- अग्नि ज्योंतिरह शुक्ल, वण्मासा उतरायणन। माघ से लेकर छः माह का समय उत्तरायणमय कहलाता है जिस में ब्रह्म को जानने वाले लोग प्राणों का त्याग कर मुक्त हो जाते हैं। प्रयाग तीर्थ में महात्मा लोग प्रकल्प करते हैं। लोहड़ी का त्यौहार भारत में ही नहीं विदेशों में भी धूम धाम से मनाया जाता है।

— बलविन्दर बालम

बलविन्दर ‘बालम’

ओंकार नगर, गुरदासपुर (पंजाब) मो. 98156 25409