इतिहास

छत्तीसगढ़ के मंगल पाण्डेय : वीर हनुमान सिंह

10 दिसम्बर सन् 1857 ई. को सोनाखान के देशभक्त जमींदार क्रांतिवीर नारायण सिंह को राजद्रोह के अपराध में वर्तमान छत्तीसगढ़ राज्य के राजधानी रायपुर के प्रमुख जयस्तंभ चौक पर सरे आम फाँसी पर लटका दिया गया। इसे देखने के लिए रायपुर के सभी फौजियों को विशेष रूप से उपस्थित रहने के लिए आदेशित किया गया था। ऐसा इसलिए किया गया था, ताकि फौजी और क्षेत्र के आम नागरिक पूरी तरह से आतंकित हो जाएँ और अंग्रेजों के विरुद्ध सिर उठाने का साहस न कर सकें। लेकिन अंग्रेजों का यह भ्रम महज 39 दिनों के बाद ही दूर हो गया, जब 18 जनवरी सन् 1858 ई. को वीर हनुमान सिंह के नेतृत्व में सिपाहियों ने अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह कर दिया। यद्यपि इस विद्रोह को 6-7 घंटे में ही दबा दिया गया, लेकिन यह एक साहसिक प्रयास और ऐतिहासिक घटना थी।
रायपुर में उस समय फौजी छावनी हुआ करती थी। इसे ‘थर्ड रेगुलर रेजीमेण्ट’ कहा जाता था। इसी फौज में ठाकुर हनुमान सिंह मैग्जीन लश्कर के पद पर नियुक्त थे। जिस समय क्रांतिवीर नारायण सिंह को फाँसी पर लटकाया गया, उसी समय ठाकुर हनुमान सिंह ने अंग्रेजों से इसका बदला लेने की प्रतिज्ञा की थी। इसेे पूरा करने के लिए उन्होंने अपने कुछ विश्वस्त साथियों से चर्चा की और योजनाबद्ध तरीके से 18 जनवरी सन् 1858 ई. की रात्रि लगभग साढ़े सात बजे सशस्त्र हमला बोल दिया।
देशी पैदल सेना की थर्ड रेजीमेण्ट के सार्जेण्ट मेजर सिडबेल उस समय अपने कक्ष में अकेले बैठे आराम कर रहे थे। हनुमान सिंह कमरे में निर्भीकतापूर्वक घुस गए और तलवार से उन पर कई घातक प्रहार किए। इससे कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
मेजर सिडबेल को मौत की नींद सुलाने के बाद वे अपने कुछ साथियों के साथ छावनी पहुँचे। उन्होंने चिल्लाकर अन्य सिपाहियों को भी इस विद्रोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। दुर्भाग्य से सभी सिपाहियों ने उनका साथ नहीं दिया।
इसी बीच मेजर सिडबेल की हत्या का समाचार पूरी छावनी में फैल चुका था। अंग्रेज अधिकारी पूरी तरह से सतर्क हो गए। उन्होंने ठाकुर हनुमान सिंह और उनके साथियों को चारों ओर से घेर लिया। ठाकुर हनुमान सिंह और उनके साथी लगभग 6-7 घंटे तक अंग्रेजों का मुकाबला करते रहे। अंत में उनके कारतूस खत्म हो गए। मौका देखकर हनुमान सिंह भागने में सफल हो गए, लेकिन उनके 17 साथी अंग्रेजों द्वारा गिरफ्तार कर लिए गए। इन पर मुकदमा चलाया गया और उन सबको मृत्युदण्ड दिया गया। 22 फरवरी, सन् 1858 को फौज के सभी सिपाहियों की उपस्थिति में इन्हे फाँसी पर लटका दिया गया।
वीर हनुमान सिंह के नेतृत्व में किए गए विद्रोह के सत्रह शहीदों में सभी जाति और धर्म के लोग थे, जो इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्रहित की उत्कृष्ट भावना इस क्षेत्र के लोगों में कूट-कूट कर भरी थी। कैप्टन स्मिथ के बयान से लगता है कि ठाकुर हनुमान सिंह ने छावनी में विद्रोह के दो दिन बाद ही 20 जनवरी सन् 1858 ई. की रात छत्तीसगढ़ के डिप्टी कमिश्नर के बंगले पर भी हमला करने की कोशिश की थी। उस समय बंगले में क्षेत्र के कई प्रमुख वरिष्ठ अधिकारी सो रहे थे।
कैप्टन स्मिथ इन अधिकारियों की सुरक्षा हेतु नियुक्त थे। ठीक समय पर कैप्टन स्मिथ और उसके साथियों के जाग जाने से ठाकुर हनुमान सिंह को वहाँ से भागना पड़ा। अंग्रेज सरकार ने उनकी गिरफ्तारी के लिए 500 रुपए के नगद पुरस्कार की घोषणा की थी। इतनी बड़ी राशि के प्रलोभन के बावजूद उनको कभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका। हनुमान सिंह के फरार होने की इस घटना के बाद उनका कोई विवरण प्राप्त नहीं होता।
कैप्टन स्मिथ के अनुसार जिस प्रकार ठाकुर हनुमान सिंह ने डिप्टी कमिश्नर के बंगले पर साहसपूर्ण आक्रमण किया, यदि उसे अपने उद्देश्य में सफलता मिल जाती, तो निश्चय ही अंग्रेजी हुकूमत के अधिकारियों का इस शहर से सफाया हो जाता।
ठाकुर हनुमान सिंह ने मंगल पांडे की भाँति रायपुर स्थित छावनी के सिपाहियों से क्रांति का आह्वान किया था। सफलता उनके हाथ नहीं लगी, अन्यथा रायपुर भी देश के स्वाधीनता संग्राम के दिनों में महत्वपूर्ण नगर बन गया होता। उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। इन्हें ‘छत्तीसगढ़ का मंगल पांडेय’ कहा जाता है।
राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उनकी स्मृति में खेल प्रशिक्षकों हेतु वीर हनुमान सिंह पुरस्कार की स्थापना की गई है।

— डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा

*डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा

नाम : डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा मोबाइल नं. : 09827914888, 07049590888, 09098974888 शिक्षा : एम.ए. (हिंदी, राजनीति, शिक्षाशास्त्र), बी.एड., एम.लिब. एंड आई.एससी., (सभी परीक्षाएँ प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण), पीएच. डी., यू.जी.सी. नेट, छत्तीसगढ़ टेट लेखन विधा : बालकहानी, बालकविता, लघुकथा, व्यंग्य, समीक्षा, हाइकू, शोधालेख प्रकाशित पुस्तकें : 1.) सर्वोदय छत्तीसगढ़ (2009-10 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 2.) हमारे महापुरुष (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 10-10 प्रति नि: शुल्क वितरित) 3.) प्रो. जयनारायण पाण्डेय - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 4.) गजानन माधव मुक्तिबोध - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 5.) वीर हनुमान सिंह - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 6.) शहीद पंकज विक्रम - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 7.) शहीद अरविंद दीक्षित - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 8.) पं.लोचन प्रसाद पाण्डेय - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 9.) दाऊ महासिंग चंद्राकर - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 10.) गोपालराय मल्ल - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 11.) महाराज रामानुज प्रताप सिंहदेव - चित्रकथा पुस्तक (2010-11 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 1-1 प्रति नि: शुल्क वितरित) 12.) छत्तीसगढ रत्न (जीवनी) 13.) समकालीन हिन्दी काव्य परिदृश्य और प्रमोद वर्मा की कविताएं (शोधग्रंथ) 14.) छत्तीसगढ के अनमोल रत्न (जीवनी) 15.) चिल्हर (लघुकथा संग्रह) 16.) संस्कारों की पाठशाला (बालकहानी संग्रह) अब तक कुल 16 पुस्तकों का प्रकाशन, 60 से अधिक पुस्तकों एवं पत्रिकाओं का सम्पादन. अनेक पत्र-पत्रिकाओं का सम्पादक मण्डल सदस्य. मेल पता : pradeep.tbc.raipur@gmail.com डाक का पता : डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा, विद्योचित/लाईब्रेरियन, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम, ब्लाक-बी, ऑफिस काम्प्लेक्स, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर (छ.ग.) मोबाइल नंबर 9827914888