कल्याणकारी शिव
देवों के देव महादेव शिव, कल्याण सभी का करते हैं
देवेश्वर हैं विश्वेश्वर शिव, कल्याण सभी का करते हैं-
शिव जी के हाथ में डमरू है अनहद का नाद सुनाता है
त्रिशूल है दूसरे हाथ में जो तीनों तापों को हटाता है
आनंद-राशि सर्वेश्वर शिव कल्याण सभी का करते हैं-
शिव जी के कंठ में विष स्थित, शिव नीलकंठ कहलाते हैं
उदरस्थ न होने दिया विष को, महायोगी वे कहलाते हैं
संकटहारी विघ्नेश्वर शिव कल्याण सभी का करते हैं-
आस्था से जो सिमरने करते, शिव मोक्ष प्रदान करें उनको
आसक्ति से जो दूर रहें, शिव भक्ति प्रदान करें उनको
अविनाशी हैं अखिलेश्वर शिव कल्याण सभी का करते हैं-
मंगलकारी-सद्गुण-दाता, भवभयहारी-अंतर्यामी
गंगाधर-चंद्रकलाधर हैं, शिव तीन लोक के हैं स्वामी
घट-घट के जाननहारे शिव, कल्याण सभी का करते हैं-
— लीला तिवानी
