फ्रेंड शिप डे, मित्रता दिवस खास दिन
“दोस्ती एक दुआ है, जो हर दिल पे असर करती है,
कहते हैं कि हर रिश्ता वक़्त, खून या ज़रूरतों से जुड़ा होता ह, मगर दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है जो इनमें से किसी की मोहताज नहीं होती। दोस्ती दिल से दिल तक का सफ़र है, ऐसा बंधन जो बिना किसी लालच के जुड़ता है और ज़िंदगी भर साथ चलता है।दोस्ती ना दिखती है, ना तौली जा सकती है, लेकिन जिस दिल में बस जाए, वहाँ गुलाब की तरह महकती है और शफक की तरह चमकती है। दोस्तों के बिना ज़िंदगी अधूरी लगती है। वो हँसी, वो मज़ाक, वो कंधे पर हाथ रखना, किसी आँसू को मुस्कान में बदल देना, यही तो है दोस्ती।
दोस्त वो होते हैं जो हमारे बिना कहे हमारी बात समझ लें, जो हमारे सन्नाटों में भी हमारी पुकार सुन लें, जो मुश्किल दौर में ढाल बन जाएँ और खुशियों के हर पल में सबसे पहले साथ खड़े दिखें।
“दोस्ती की मिसाल क्या दूँ मैं दुनिया को,
ये वो खुशबू है जो साँसों से जाती नहीं।”
कभी-कभी एक दोस्त ही वो इंसान बन जाता है जिससे हम अपने दिल की हर एक बात कह सकते हैं… और जब दुनिया हमसे मुँह फेर ले, तब वही दोस्त बिना कुछ कहे हमारे पास बैठकर हमारी चुप्पी का सहारा बन जाता है।
दोस्ती में कई रंग होते हैं — बचपन की मासूमियत, कॉलेज के दिनों की दीवानगी, ऑफिस की मस्ती और उम्र के हर मोड़ पर एक ज़िम्मेदार हमसफ़र।
बचपन के दोस्त खेल के मैदान से लेकर अपराजित सपनों तक साथ चलते हैं।जवानी के दोस्त, हमारी पहचान बनाते हैं, हमारी हिम्मत, हमारी आवाज़, हमारी लड़ाई बन जाते हैं।
प्रौढ़ अवस्था के दोस्त, ज़िंदगी की सच्चाइयों को साझा करने वाले, समझदारी से भरे सलाहकार होते हैं।इन सभी रिश्तों में एक बात समान होती है, भरोसा, अपनापन और सम्मान।
फ्रेंडशिप डे, मनाने का मक़सद
फ्रेंडशिप डे कोई दिखावे या सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का दिन नहीं है , यह दिन है उन अनकहे एहसासों को जाहिर करने का, उन दोस्तों को “थैंक्स” कहने का जो बिना कुछ माँगे हमारी ज़िंदगी में खुशियाँ भरते हैं।
“फूलों जैसी दोस्ती हो, कांटों से दूर,
हर रिश्ता फिक्र माँगे, दोस्ती सिर्फ़ ‘यक़ीन’।”
यह दिन हमें याद दिलाता है कि जिन लोगों ने हमें हंसाया, सहारा दिया, गिरने पर उठाया और कटु सच्चाइयाँ भी मुस्कुराकर बताईं , वही हैं असली दोस्त।
दोस्ती में क्या ज़रूरी है?
सच्ची दोस्ती सिर्फ़ मुस्कुराहटों और मस्ती से नहीं बनती। इसमें ज़रूरत होती है,
वफ़ा की, जो हर परिस्थिति में साथ निभाए।
एतबार की, जो बिना शक रिश्ता कायम रखे।
समझदारी की, जो फैसलों में मदद करे।
इज़्ज़त की, जो हर मतभेद के बाद भी रिश्ते को बनाए रखे।
एक सच्चा दोस्त ना सिर्फ तुम्हारे दुख बाँटता है, बल्कि तुम्हारी ख़ामोशी को भी सुन लेता है।
दोस्ती वो रिश्ता है जिसे न तो लिखा जा सकता है और न ही पूरी तरह समझाया जा सकता है। इसे बस जिया जाता है — हर पल, हर लम्हा, तहे-दिल से।
इस फ्रेंडशिप डे पर चलिए हम उस हर दोस्त को याद करें जिसने हमारी ज़िंदगी में रोशनी की तरह अपना अक्स डाला है। उन्हें एक मैसेज, एक कॉल या बस एक “थैंक यू” कहें — यकीन मानिए, उनका दिन बन जाएगा… और शायद आपका भी।
“दोस्ती एक दुआ है, जो हर दिल में असर करती है,
ये वो रौशनी है जो अंधेरे में भी मुस्कान बिखेरती है।”
आप सभी को फ्रेंडशिप डे की ढेरों शुभकामनाएँ।
दोस्ती जिएं, निभाएँ और बाँटें, क्योंकि यही है ज़िंदगी की असली ख़ूबसूरत तस्वीर है,
— डॉ. मुश्ताक अहमद शाह सहज़
