बाल साहित्य में डॉ. सत्यवान सौरभ को मिला श्रेष्ठ कृति पुरस्कार

मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी का श्रेष्ठ कृति सम्मान, पीएच.डी. साहित्यकार दंपती डॉ. सत्यवान सौरभ व डॉ. प्रियंका सौरभ की 27 पुस्तकों के साहित्यिक सफर में जुड़ी नई उपलब्धि; बेटे प्रज्ञान के नाम पर लिखी पुस्तक दुनिया के सभी बच्चों को समर्पित
भिवानी। साहित्यकार एवं लेखक डॉ. सत्यवान सौरभ की बाल साहित्य कृति ‘प्रज्ञान’ को हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के वर्ष 2023 के श्रेष्ठ कृति पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। अकादमी द्वारा घोषित परिणामों में ‘प्रज्ञान’ का चयन बाल साहित्य वर्ग में किया गया है। इस पुरस्कार के अंतर्गत चयनित कृति को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी ने हिंदी, हरियाणवी, संस्कृत एवं पंजाबी सहित विभिन्न भाषाओं में प्राप्त साहित्यिक कृतियों के लिए वर्ष 2023 के परिणाम घोषित किए हैं। अकादमी की श्रेष्ठ कृति पुरस्कार योजना के अंतर्गत विभिन्न साहित्यिक विधाओं में श्रेष्ठ रचनाओं का चयन किया गया है। इसी क्रम में बड़वा (भिवानी) के डॉ. सत्यवान सौरभ की ‘प्रज्ञान’ को बाल साहित्य वर्ग में सम्मान के लिए चुना गया है।
‘प्रज्ञान’ डॉ. सत्यवान सौरभ की बाल साहित्य पर केंद्रित कृति है, जिसमें बच्चों के लिए साहित्यिक, संस्कारपरक एवं विचारपरक सामग्री प्रस्तुत की गई है। इस पुस्तक की विशेष बात यह है कि लेखक ने इसे अपने बेटे प्रज्ञान के जन्म के अवसर पर दुनिया के सभी बच्चों को समर्पित किया है। पुस्तक के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशक्ति, संवेदनशीलता, संस्कार और रचनात्मक सोच को साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
