अन्य बाल साहित्य

पहेलियाँ दीपावली की

1 सूरज का है अंश कहाता।
जलकर है अँधियार मिटाता।
मिट्टी से वह बना हुआ है
रखता बाती – तेल से नाता।

2 कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी को
प्रकटे कौन पूज्य भगवान?
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाते
पर्व बना यम – मुक्ति विधान।

3 कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को
कहते हैं छोटी दीवाली।
कृष्ण ने नरकासुर को मारा
पर्व कौन – सा दे खुशहाली?

4 – दीये जलते हैं कतार में
पर्व कार्तिक अमा को आता।
राम इसी दिन वन से लौटे
बोलो! पर्व है क्या कहलाता?

5 धन की देवी हैं कहलाती
श्वेत कमल है उनका आसन।
साफ – सफाई उनको भाती
उल्लू पक्षी उनका वाहन।

6 शिव – पार्वती के सुपुत्र हैं
प्रथम उन्हें ही पूजा जाता।
गज – सी लंबी सूंड़ है उनकी
लंबोदर को मोदक भाता।

7 कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को
पूजा जाता है गोवंश।
गोबर – अन्न से जुड़ा पर्व है
कृषि – संस्कृति का अनुपम अंश।

8 कार्तिक शुक्ल द्वितीया को है
भाई – बहिन प्रेम का पर्व।
बहिन, भ्रात को टीका करती
भाई. रक्षा – प्रण ले सगर्व।

— गौरीशंकर वैश्य विनम्र

उत्तर – 1 दीपक 2 धन्वन्तरि 3 नरक चतुर्दशी
4 दीपावली 5 देवी लक्ष्मी 6 श्रीगणेश
7 गोवर्धन पूजा 8 भैया दूज

गौरीशंकर वैश्य विनम्र

117 आदिलनगर, विकासनगर लखनऊ 226022 दूरभाष 09956087585

Leave a Reply