दृढ़ संकल्प शक्ति
बच्चों दृढ़ निश्चय का अनूठा बल तुम जानो,
इस आत्मिक अनंत शक्ति को तुम पहचानो,
उच्च शिक्षा व शुभ संस्कारों को शस्त्र बनाओ,
अपनी बुद्धिमत्ता शक्ति को नित ही बढ़ाओ ।
अपने इंद्रधनुषी सपनों को करो पूर्णतः साकार,
मिटा दो राहों के कंटक बना हौसले को हथियार,
दृढ़ संकल्प शक्ति को बनाकर श्रम का आधार,
जीवन को तुम दो अपने नया आकाशीय विस्तार ।
दृढ़ निश्चय संकल्प ने असंभव विजय भी दिलाई,
आशाओं के ऑंगन में स्वयं अपनी मंजिल पाई,
साहस ने मुश्किलों को रौंद भीतर उम्मीद जगाई,
विश्वास व “आनंद” की लहर ऑंखों में दी दिखाई ।
दृढ़ निश्चय ने खुशियों को जीवन का श्रृंगार बनाया,
दृढ़ निश्चय ने सदियों से नया एक इतिहास रचाया,
इच्छित पुरस्कार को मेहनत के मोतियों से सजाया,
आत्मबल ने हर कठिनाई को फिर कमजोर बनाया ।
— मोनिका डागा “आनंद”
