कविता

दस्तूर

रोज़ का दर्द अब लोगों को
कहानी लगता है,
कैसा ये दस्तूर ज़िंदगी का
दर्द बेहिसाब लगता है।

आँखों की नमी भी अब
एक कमज़ोरी लगती है,
टूटती आवाज़ का रुदन
पुराना-सा लगता है।

चुप्पी की वजह कोई
पूछता नहीं अब ज़माना,
सबको पहले से ही
सब आदत-सा लगता है।

दर्द रोज़ सहने से जब
एहसास मर जाता है,
फिर हँसता चेहरा ही
सबसे आसान लगता है।

सब्र की दीवार जब
अचानक ढह जाती है,
तो लोगों को सब कुछ
मामूली बात लगता है।

समझाए कौन किसे कि
यही अनकही बात,
हर रोज़ ज़िंदा रहकर
मरने का हिसाब लगता है।

— मुनीष भाटिया

मुनीष भाटिया

जन्म स्थान : यमुनानगर (हरियाणा) उपलब्धियां: विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित लेख एवं कविताएँ I प्रकाशन: चार कविता संग्रह एवं तीन निबंध संग्रह, तीन quote बुक्स राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की दस हजार से अधिक पत्र पत्रिकाओं में वर्ष 1989 से निरंतर प्रकाशन I 5376, एरोसिटी, ऍफ़ ब्लाक, मोहाली -पंजाब M-7027120349 munishbhatia122@gmail.com