पितृ पक्ष, कर्तव्यों, आस्था और हमारी सनातन संस्कृति का पावन संगम
पितृ पक्ष भारतीय संस्कृति का वह स्वर्णिम काल है, जो हमें हमारी जड़ों और पूर्वजों के प्रति अटूट कृतज्ञता का बोध कराता है। यह मात्र तर्पण या पिंडदान का अनुष्ठान नहीं है, बल्कि हमारी उस महान परंपरा का जीवंत रूप है जो यह सिखाती है कि शरीर भले ही न रहे, किंतु हमारे पूर्वजों के संस्कार, आशीर्वाद और ऊर्जा सदैव हमारे साथ बनी रहती है।
हिन्दू सनातन परंपरा में ‘पितृ ऋण’ को जीवन के प्रमुख ऋणों में माना गया है। माता-पिता और पूर्वजों ने हमें जीवन, संस्कृति और संस्कार रूपी जो धरोहर सौंपी है, उसके प्रति समर्पित होना ही हमारा परम कर्तव्य है। पितृ पक्ष के ये सोलह दिन हमें अपनी व्यस्त दिनचर्या से थोड़ा समय निकालकर उनके प्रति श्रद्धा, सम्मान और स्मरण अर्पित करने का अवसर देते हैं।
यह पर्व हमारी अगाध आस्था और उस अटूट विश्वास का प्रतीक है जो ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को जीवित रखता है—अर्थात परिवार केवल जीवित सदस्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें वे सभी पीढ़ियां शामिल हैं जिन्होंने इस कुल की नींव रखी। जब हम तर्पण करते हैं, तो यह हमारी कृतज्ञता की मौन भाषा होती है।
अतः, इन दिनों में श्रद्धापूर्वक पिंडदान, ब्राह्मण भोजन और जरूरतमंदों को दान देकर हम न केवल अपने पितरों की आत्मा की शांति की कामना करते हैं, बल्कि अपनी आने वाली पीढ़ी को भी अपनी महान संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हैं।
— डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह सहज़
