बन जाएँ हम दीप
नमन वंदना हम करें, बन जाएँ हम दीप।
शुचिता ही मन में भरें, घर को लें हम लीप।।
मिले प्यार की छाँव ही, दीप बनें ये नैन।
उनको राह दिखा सकें, जो होते बेचैन।।
मुख्य द्वार हम लें सजा, बाँधें तोरण हार।
बन जाएँ अब दीप ही, कर दें हम उजियार।।
दूर करें दुख दीन का, पूरी कर दें आस।
उजियारी राहें करें, जागे मन विश्वास।।
राग-द्वेष छोड़ें सभी, करें मोह का त्याग।
करे दीप उजियार ही, जागे मन अनुराग।।
— रवि रश्मि ‘अनुभूति’
