पानी के रंग
नमन शहर से गांव आया था। तालाब के किनारे बैठकर उसने देखा पानी कभी नीला, कभी हरा, कभी कीचड़ जैसा।
‘दादा, पानी का रंग बदलता क्यों है?’ उसने पूछा।
दादा हंसे, ‘बेटा पानी का अपना कोई रंग नहीं होता। वो आसमान जैसा नीला, पत्तों जैसा हरा और मिट्टी जैसा भूरा दिखता है।’
शाम को फैक्ट्री का गंदा पानी नाले से तालाब में गिरा। पानी काला हो गया। मछलियां मर गईं। नमन का चेहरा उतर गया। ‘अब?’
दादा बोले, ‘जब हम पानी में गंदगी डालेंगे तो वो हमारा ही चेहरा दिखाएगा।’
अगले दिन नमन ने दोस्तों के साथ मिलकर नाले के मुंह पर जाली लगाई और सफाई की। एक हफ्ते बाद पानी फिर साफ दिखा। नमन समझ गया – पानी आईना है। जैसा हम करेंगे, वैसा ही वो लौटाएगा।
— विकास कुमार शर्मा
