महकें हर नवभोर पर, सुंदर-सुरभित फूल
बने विजेता वह सदा, ऐसा मुझे यक़ीन।
आँखों में आकाश हो, पाँवों तले ज़मीन॥
तू भी पाएगा कभी, फूलों की सौगात।
धुन अपनी मत छोड़ना, सुधरेंगे हालात॥
बीते कल को भूलकर, चुन डालें सब शूल।
महकें हर नवभोर पर, सुंदर-सुरभित फूल॥
तूफ़ानों से मत डरो, कर लो पैनी धार।
नाविक बैठे घाट पर, कब उतरें हैं पार॥
छाले पाँवों में पड़े, मान न लेना हार।
काँटों में ही है छुपा, फूलों का उपहार॥
भँवर सभी जो भूलकर, ले ताक़त पहचान।
पार करे मझधार वो, सपनों का जलयान॥
तरकश में हो हौसला, कोशिश के हों तीर।
साथ जुड़ी उम्मीद हो, दे पर्वत को चीर॥
नए दौर में हम करें, फिर से नया प्रयास।
शब्द क़लम से जो लिखें, बन जाए इतिहास॥
आसमान को चीरकर, भरते वही उड़ान।
जवाँ हौसलों में सदा, होती जिनके जान॥
उठो चलो, आगे बढ़ो, भूलो दुःख की बात।
आशाओं के रंग से, भर लो फिर जज़्बात॥
छोड़े राह पहाड़ भी, नदियाँ मोड़ें धार।
छू लेती आकाश को, मन से उठी हुँकार॥
हँसकर सहते जो सदा, हर मौसम की मार।
उड़े वही आकाश में, अपने पंख पसार॥
हँसकर साथी गाइए, जीवन का ये गीत।
दुःख सरगम-सा जब लगे, मानो अपनी जीत॥
सुख-दुःख जीवन की रही, बहुत पुरानी रीत।
जी लें, जी भर ज़िंदगी, हार मिले या जीत॥
ख़ुद से ही कोई यहाँ, बनता नहीं कबीर।
सहनी पड़ती हैं उसे, जाने कितनी पीर॥
— डॉ. सत्यवान सौरभ
