मनस
कमजोरियॉं गिनाने वाले तो मिलेंगे कई हजार,
मासूम प्यारा दिल भी टूटेगा हताश हो बार-बार,
पर तुम्हें करना होगा इस बात पर पहले विचार,
कमजोरियॉं गिनाने वालों का कैसा हैं किरदार ।
आजू-बाजू टॉंग खींचने वाले बहुत हैं व्यंग्यकार,
खिन्न हाव-भाव और उनकी बातें भी घुमावदार,
पर तुम्हें रखना होगा मनस का “आनंद” बरकरार,
नासमझी हड़बड़ी में मत उलझ जाना दिलदार ।
दूसरों पर दोष मढ़ना और बरसाना क्रोध की धार,
नजरों के बाणों ने तो कमज़ोर पर उठाए हथियार,
पर तुम्हें चुनना होगा स्वयं उचित कौन सा संस्कार,
गंभीरता से तय करना होगा परिवर्तन असरदार ।
ये शब्दों के तीर तोड़ते भी और जोड़ते भी परिवार,
बिखर जाते पल में कमजोर हुए भोले मन के तार,
पर तुम्हें निर्णय लेना होगा इसी में छुपी जीत हार,
मन के मालिक हो या बनोगें तुम शिकारी का शिकार ।
सम्बंधों में देखने को मिलते हैं ये अंजाने अनचाहे वार,
डाल देते हैं मन की शांत स्थिति पर परेशानी की दरार,
पर तुम्हें साधना होगा स्वनियंत्रण क्षमता को दमदार,
यदि अपने जीवन से अगर करते हो तुम सच्चा प्यार ।
— मोनिका डागा “आनंद”
