बाल पहेलियाँ सब्जियों की
1 हरी छरहरी, लंबी काया।
फाइबर देकर पेट बचाया।
तन में रक्त बढ़ाने वाली।
विटामिन – सी की भरी हूँ प्याली।
2 मेरा छिलका काँटों वाला।
खाकर स्वाद और बल पाओ।
विटामिन, खनिज, फाइबर मुझमें,
झटपट मेरा नाम बताओ।
3 पतली देह मजे का स्वाद।
करूँ रोग से मैं आजाद।
मदद करूँ पाचन में भारी।
विटामिन – सी है मेरी सवारी।
4 कच्चा हरा, पके पर पीला,
स्वाद – स्वास्थ्य हूँ देने वाला ।
आँखों की मैं ज्योति बढ़ाता,
गोलमटोल स्वरूप निराला।
5 रंग बैंगनी या नारंगी
आँखों की रोशनी बढ़ाती।
हलवा खाओ, सलाद बनाओ,
विटामिन – ए का स्रोत कहाती।
6 हरे – हरे पत्तों वाली हूँ,
कहलाती ‘पोषण की रानी’।
भरी विटामिन और खनिजों से,
बना पकौड़ी खातीं नानी।
7 फली में बीज, हरी सब्जी हूँ,
खनिज – फाइबर से भरपूर।
वजन घटाऊँ, पुष्ट बनाती,
कमी रक्त की करती दूर।
— गौरीशंकर वैश्य विनम्र
उत्तर – 1 भिण्डी 2 कटहल 3 परवल 4 कद्दू 5 गाजर 6 पालक 7 सेम
