कविता

अकेली

मैं ढूँढती रही तुम्हें
न जाने किन-किन गलियों में, वादियों में
पलकें मूँदकर देखना चाहती थी
तुम्हारे चेहरे को
पर एक शून्य का एहसास हुआ
तुम तो थे नहीं
न आसपास
न एहसास में
सचमुच मैं अकेली थी ।
मुझे रुकना नहीं था
चलना था
कुछ छलावों को
कुछ कोहरे को
कुछ अफ़सोस को हटाकर ।
एक बार नहीं, कई बार महसूस किया
मिट्टी की धड़कन को
चलते-चलते
कितनी बार कहा था उसे
मुझे ऐसी आँखें चाहिए
कुछ अलग सपनों के लिए
कुछ भाव
कुछ शब्द
कुछ अभिलाषा को लेकर
अपनाना था कुछ स्वीकृतियों को
मगर कोई नहीं है
दिल को छू लेने वाली गीत गाने के लिए
कोई नहीं है क्षितिज के उस पार
डूबते सूरज से रंगों को लेकर
तितलियों को सजाने के लिए
कोई नहीं है इन्द्रधनुष में छिपे रंगों के
दर्द को बयान करने के लिए
सच कहो तो
समय से भला कोई और
क्या बेहतरीन अभिनय कर सकता है !
हाय !
कैसा जादूगर है वह
ख़ुशियों में दर्द का लेप लगाकर
कहता है जा जीवन की ख़ुशबू
महसूस कर,
मुझे तो पीछा करना है तेरा
अंतरिक्ष से उस पार तक
रहने दो जंजाल और कंकाल को यहाँ
मैं आऊँगी अकेली
हाँ, कितनी अकेली हूँ मैं ।

— पारमिता षड़ंगी

पारमिता षड़ंगी

ओड़िआ साहित्य जगत म एक सुपरिचित नाम । वह अपनी आँचलिकता में सशक्त स्त्री-कथाकार एवं कवयित्री ही नहीं, कुशल ओड़िआ भाषानुवादक भी हैं। नारी मनस्तत्व की विश्लेषण, सूक्ष्म अवबोध की अन्वेषण तथा एक बलिष्ठ कहानी के आधार उनकी कहानियों को अलग परिचय देते हैं। जीवनवादी कहानीकार होते हुए भी पारमिता की कविताएँ चेतना और मानसिकता को खूब प्रभावित करती हैं। हिन्दी और ओड़िआ भाषा में कहानी, कविता लेखन में उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। अब तक उनकी 7 कहानी-संग्रह 5 कविता-संग्रह और 11 अनुवाद-संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। पारमिता की रचनाएँ वागर्थ, आजकल, समकालीन भारतीय साहित्य, भाषा ,नूतन कहानियाँ, देशज, देशधारा, विश्वगाथा, कृति बहुमत, माटी ,कथाक्रम, कथारंग, अंतरंग, पाठ, युगवार्त , परिंदा, व्यंजना आदि अनेक सुप्रसिद्ध पत्रिका में प्रकाशित हुई होने के साथ साथ भारत के विभिन्न क्षेत्रों और विदेश में भी प्रकाशित हुई हैं। उनकी रचनाओं का बंगाली, राजस्थानी, मैथिली ,पंजाबी, गुजराती, मराठी, तमिल, ओड़िआ और इंग्लिश भाषा में अनुवाद किया गया है। पारमिता को उनके कहानी-संग्रह 'संबित के पास जब मैं नहीं थी' के लिए महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी की तरफ से पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मुम्बई मो -9867113113