समाचार

विश्व भूषण अवार्ड से सम्मानित हुईं ग्वालियर की लेखिका डॉ. सारिका ठाकुर ‘जागृति’

लखनऊ। ग्वालियर की प्रख्यात लेखिका एवं साहित्यकार डॉ. सारिका ठाकुर ‘जागृति’ को हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘विश्व भूषण अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित हिंदी संस्थान के सभागार में आयोजित किया गया, जहाँ देशभर से आए साहित्यकारों एवं रचनाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

महादेवी वर्मा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस विशेष साहित्यिक समारोह का आयोजन निहारिका काव्य मंजरी एवं कंट्री ऑफ़ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित साहित्यकारों ने सहभागिता की तथा महादेवी वर्मा जी के साहित्यिक अवदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. सारिका ठाकुर ‘जागृति’ को उनकी साहित्यिक सक्रियता, सृजनात्मक लेखन, सामाजिक सरोकारों, नारी चेतना एवं मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने वाली रचनाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी रचनाएँ साहित्यिक मंचों पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और संवेदनात्मक अभिव्यक्ति के लिए सराही जाती हैं।

उनकी चर्चित कृति ‘मौन मंथन’ भी साहित्य जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। लखनऊ के हिंदी संस्थान जैसे प्रतिष्ठित साहित्यिक परिसर में विश्व भूषण अवार्ड से सम्मानित होना डॉ. सारिका ठाकुर ‘जागृति’ की साहित्यिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

— डॉ. सारिका ठाकुर

डॉ. सारिका ठाकुर "जागृति"

ग्वालियर (म.प्र)

Leave a Reply