जाएगा तो तेरा बाप भी
मंच सजा है, माइक ऑन है, नेताजी रौब में आए हैं,
जनता बेचारी चुप बैठी है, जो वादे सुनने आए हैं,
विरोधी ने जब चुटकी ली और पूछा कुर्सी कब छोड़ोगे?
तो नेताजी गरज कर बोले, क्या तुम मेरा रिकॉर्ड तोड़ोगे?
भीड़ से आई एक आवाज़, अबकी बार तो पासा पलटेगा,
यह सुनकर नेताजी का पारा, सातवें आसमान पर चमकेगा,
कुर्सी को ऐसे पकड़ा जैसे, फेविकोल का जोड़ हो भारी,
बोले जीत हमारी पक्की है, चाहे लगा लो ताकत सारी,
तुम क्या हमें हटाओगे मियां, यह सत्ता अपनी जागीर है,
जनता को हम जो समझा दें, वही उसकी तकदीर है,
हटने का तो नाम न लो, हम खूंटा गाड़ के बैठे हैं,
तुम बस पांच साल चिल्लाओ, हम ठाठ-बाट से ऐठे हैं,
ऊंगली उठाकर मंच से फिर, उन्होंने ऐसा तंज कसा,
विरोधी का चेहरा उतर गया, सारा मजमा हंस फंसा।
बोले जो हमें हटाने का सपना, पाले बैठा है दिन रात भी,
सुन लो कान खोलकर तुम सब, जाएगा तो तेरा बाप भी,
कुर्सी का यह मोह निराला, हर नेता को तड़पाता है,
चुनाव के आते ही भैया, भाषा का स्तर गिर जाता है,
पर जनता सब कुछ सुनती है, और चुपके से मुस्काती है,
वोट की चोट से अच्छे अच्छों को, उनकी नानी याद दिलाती है।
— राजेन्द्र लाहिरी
