नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) : निरंतर संघर्ष और अदम्य साहस की एक अटूट गाथा
भारत की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक नीट केवल किताबी ज्ञान का परीक्षण नहीं बल्कि एक युवा के धैर्य, समर्पण और उसके चरित्र की गहन शुद्धि का मार्ग है जहाँ हर साल लाखों छात्र अपने सुनहरे भविष्य की उम्मीद लेकर इस रणक्षेत्र में उतरते हैं और अपनी रातों की नींद और सुख-सुविधाओं का त्याग कर जीव विज्ञान के रहस्यों, भौतिकी के सिद्धांतों और रसायन विज्ञान की जटिलताओं को सुलझाने में अपना सर्वस्व झोंक देते हैं। यह यात्रा केवल एक प्रवेश परीक्षा पास करने के बारे में नहीं है बल्कि यह उस मानसिक दृढ़ता को विकसित करने की प्रक्रिया है, जो एक भावी डॉक्टर के लिए अनिवार्य है, क्योंकि जो बच्चा आज घंटों एक कुर्सी पर बैठकर एकाग्रता के साथ पढ़ सकता है वही कल ऑपरेशन थिएटर में घंटों खड़े रहकर जीवन बचाने का साहस जुटा पाएगा। इस परीक्षा की तैयारी के दौरान छात्र केवल विषयों को नहीं रटते, बल्कि वे समय प्रबंधन, दबाव में शांत रहने की कला और असफ़लता के डर पर विजय पाना भी सीखते हैं और यही वह ‘असाधारण योग्यता’ है जो उन्हें भीड़ से अलग खड़ा करती है। समाज अक्सर केवल ‘रैंक’ और ‘स्कोर’ को देखता है लेकिन उन अंकों के पीछे छिपे हजारों घंटों के एकांत, परिवार की उम्मीदों का बोझ और ख़ुद को हर दिन बेहतर बनाने की जो ज़िद होती है वही असल में उस छात्र की असली सफ़लता है। यह सोचना कि “तुम वह संभालने में सक्षम हो जो दूसरे नहीं कर सकते” उन छात्रों के लिए एक संजीवनी की तरह है, जो बार-बार गिरकर भी उठने का जज़्बा रखते हैं और यह साबित करते हैं कि चिकित्सा का क्षेत्र केवल मेधावियों का नहीं, बल्कि उन जुझारू व्यक्तित्वों का है जो हार मानना नहीं जानते। चाहे कोई छात्र महानगर के महंगे कोचिंग संस्थान में पढ़ रहा हो या गाँव की किसी छोटी सी ढिबरी की रोशनी में, उनकी मेहनत का पसीना एक ही समान पवित्र है जो आने वाले समय में देश के स्वास्थ्य तंत्र की रीढ़ बनेगा और मानवता की सेवा के संकल्प को चरितार्थ करेगा। अंततः यह परीक्षा केवल डॉक्टरों का चुनाव नहीं करती बल्कि देश को ऐसे अनुशासित नागरिक सौंपती है जो चुनौतियों को अवसर में बदलना जानते हैं और जिनके कंधों पर भविष्य का सुरक्षित भारत टिका हुआ है।
— डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह सहज़
