छठ : आस्था का उजास
ऋग्वेद के मंत्रों से निकली, आस्था की पावन धारा है,
सूर्यदेव के दिव्य तेज से, जगमग होता जग सारा है।
प्रकृति-पूजा, संयम-साधना, संस्कृति का अभिमान है,
छठ केवल पर्व नहीं, यह भारत की आत्मा का गान है।
उषा की पहली स्वर्णिम किरण, जब धरती को सहलाती है,
अस्ताचल का सूर्य भी हमको, जीवन का पाठ सुनाती है।
डूबते सूरज को अर्घ्य देकर, उगते सूरज का करते सम्मान,
छठ सिखाता हर मानव को, समभाव ही मानवता की पहचान।
महाभारत के पन्नों में भी, इसकी महिमा गाई जाती है,
सूर्यपुत्र कर्ण की भक्ति, युगों-युगों तक याद आती है।
द्रौपदी की अटूट आस्था, विपदा में भी विश्वास बनी,
सूर्य-साधना की पावन शक्ति, संघर्षों में भी आस बनी।
राम-सिया की पावन गाथा, लोककथाओं में मिलती है,
वनवास के बाद अयोध्या में, सूर्य-वंदना खिलती है।
मुंगेर की धरती आज भी, सीता-स्मृतियाँ सँजोए है,
गंगा की लहरों में आज भी, आस्था का दीप संजोए है।
राजा प्रियव्रत की कथा सुनाती, षष्ठी मैया की महिमा,
संतान-सुख और रक्षा का वर, बनी लोकमन की गरिमा।
माँ अदिति की तप-साधना में, देवत्व का विश्वास रहा,
छठी मैया के चरणों में, जन-जन का अनुराग रहा।
बिहार की मिट्टी से उठकर, यह पर्व विश्व में छाया है,
देव के सूर्य मंदिर ने भी, श्रद्धा का पावन दीप जलाया है।
मिथिला, मगध और भोजपुर की, परंपराओं का श्रृंगार,
गाँव-गाँव के घाटों पर दिखता, संस्कृति का अनुपम संसार।
नदी, ताल और पोखर सजते, दीपों की मुस्कान लिए,
व्रती चलते नंगे पाँवों से, मन में पावन ध्यान लिए।
ठेकुआ, फल और गन्ने से, सजती बाँस की टोकरी,
निर्मल जल में खड़ी व्रती, आस्था की ज्योति सँजोती।
न कोई ऊँच-नीच का बंधन, न वैभव का अभिमान है,
एक घाट पर सबका मिलना, मानवता की पहचान है।
अस्त होते सूरज को अर्घ्य, उगते सूरज को प्रणाम,
छठ सिखाता कर्म का सम्मान, समय को करना सलाम।
छत्तीस घंटे का कठिन व्रत, मन की दृढ़ता दर्शाता है,
त्याग, तपस्या और पवित्रता का, अनुपम पाठ पढ़ाता है।
माँ की ममता, बहन की श्रद्धा, हर रिश्ते का मान है,
छठ के पावन गीतों में बसता, लोकजीवन का प्राण है।
हे सूर्यदेव! तुमसे ही जीवन, तुमसे ही यह संसार है,
तुमसे धरती हरी-भरी है, तुमसे सृष्टि में बहार है।
हे छठी मैया! कृपा बनाए रखना, हर घर में उजियारा हो,
हर संतान सुरक्षित, सुखी रहे, हर आँगन में खुशहाली हो।
यह पर्व हमें संदेश दे—प्रकृति का सम्मान करें,
नदियाँ निर्मल, घाट स्वच्छ हों, धरती का कल्याण करें।
श्रद्धा केवल शब्द न बन जाए, आचरण में उतरे प्रकाश,
छठ महापर्व के पावन अर्घ्य में जागे प्रेम, समता, विश्वास।
छठ केवल सूर्य की पूजा नहीं, जीवन का सत्कार है,
यह मिट्टी, ममता, लोकसंस्कृति और मानवता का त्योहार है।
अर्घ्य की हर स्वर्णिम बूंद में, संस्कारों का उजास रहे,
भारत की इस अमर परंपरा का, युग-युग तक विश्वास रहे।
— रूपेश कुमार
